राइस मिलर्स को सरकार से राहत, सिक्योरिटी राशि पर जल्द विचार करने का दिया आश्वासन

9/29/2016 9:57:18 AM

चंडीगढ़ (अविनाश पांडेय): आढ़तियों की मांगों को पूरा करने के बाद अब सरकार ने राईस मिलर्स की कई मांगों को पूरा करते हुए उन्हें राहत दे दी है। बुधवार को थानेसर विधायक सुभाष सुधा और अम्बाला शहर विधायक असीम गोयल की अगुवाई में पहुंचे हरियाणा राईस मिलर्स एसोसिएशन की खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कर्णदेव कंबोज व मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर के साथ घंटों वार्ता हुई। जिसमें सरकार ने एसोसिएशन की बारदाना के दामों में कमी और ट्रांसपोर्ट कटौती बंद करने की मांग पर सहमति जताई। वहीं सिक्योरिटी राशि पर भी सरकार ने जल्द विचार करने का आश्वासन दिया है। 

 

बताया गया कि एफ.सी.आई. की ओर से उक्त 2 मांगों को पूरा करने का पत्र भी जारी कर दिया गया है। हरियाणा राईस मिलर्स एसोसिएशन के प्र्रतिनिधिमंडल के साथ विधायक सुभाष सुधा और विधायक असीम गोयल ने सबसे पहले खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कर्णदेव कंबोज से विचार-विमर्श किया। यहां मंत्री ने एसोसिएशन को आश्वस्त किया कि वह उनकी सभी जायज मांगों को पूरा करवाएंगे। मंत्री से बातचीत के बाद दोनों विधायकों की अगुवाई में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के ए.सी.एस. एस.एस. प्रसाद के साथ मंत्रणा की। यहां एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष हंसराज ने मिलर्स की एसोसिएशन को प्रमुखता से रखा और बताया कि वह सरकार की सभी नीतियों के साथ हैं, लेकिन उनकी जायज दिक्कतों को दूर किया जाना चाहिए। एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष हंसराज ने कहा कि सरकार ने सिक्योरिटी राशि काफी ज्यादा कर दी है, जिसे राईस मिलरों के रिकार्ड को चैक करके कम करनी चाहिए। 

 

उन्होंने कहा कि वह सभी पिछले 10 सालों से ईमानदारी से काम कर रहे हैं और सरकार को इस पर रहम करनी चाहिए। एसोसिएशन की इस मांग पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से बातचीत का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में जल्द ही कोई रास्ता निकालने का प्रयास करेंगे।

 

इस बारे में विधायक सुभाषा सुधा का कहना है कि राइस मिलर्स की अधिकांश मांगों को खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कर्णदेव कंबोज और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने बातचीत के बाद मान ली है। अब राईस मिलर्स ठीक तरीके से अपना काम कर सकेंगे।
वहीं अम्बाला शहर विधायक असीम गोयल ने कहा कि भाजपा सरकार किसान, आढ़ती और मिलर्स को साथ लेकर चलने वाली सरकार है। राईस मिलर्स की कई मांगों पर कल सहमति बन गई है और भविष्य में अब बेहतर परिणाम सामने आएंगे।