ससुराल में बहू का हंगामा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

12/1/2017 11:40:28 AM

सिवानी मंडी(पोपली):घरेलू कलह के चलते ससुराल पक्ष की तरफ से बेदखल की गई एक महिला ने अनाज मंडी स्थित अपनी ससुराल में जमकर बवाल काटा। महिला के ससुर के अनुसार रात को उसकी बहू ने घर में जबरन घुसने की कोशिश की और गतदिवस की सुबह हथोड़े की मदद से उनकी दुकान का ताला तोड़कर खुद ही पुलिस को बुला लिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस अनाज मंडी पहुंची और हंगामा कर रही महिला को अपनी हिरासत में लेने के बाद उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। बाद में अदालत ने महिला को जमानत पर छोड़ दिया। जानकारी अनुसार अनाज मंडी निवासी अवनीश कुमार बंसल के बेटे पुनीत की शादी दिल्ली हुई है और वे दोनों दिल्ली में ही रह रहे हैं। 

अवनीश के अनुसार उसने अपने बेटे पुनीत व अपनी पुत्रवधू को घरेलू कलह से परेशान होकर अपनी चल अचल संपत्ति से बेदखल किया हुआ है। अवनीश के अनुसार उसकी पुत्रवधू बुधवार देर शाम अचानक उसके घर आ गई और जबरन घुसने की कोशिश की। विवाद बढ़ा तो पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत किया। वीरवार की सुबह उसकी पुत्रवधू कहीं से हथोड़ा लेकर आई और उनकी 47 नंबर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गई। मौके पर मौजूद परिजनों ने उसे रोकने की कोशिश की तो महिला ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस बारे में थाना प्रभारी ख्याली राम ने बताया कि महिला के ससुर की शिकायत के आधार पर महिला के खिलाफ ताला तोड़कर दुकान में घुसने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।