विदेशी बहू जाहना लौटी स्वदेश

7/28/2016 8:13:19 PM

हिसार: कजाकिस्तान से भारत आकर फतेहाबाद जिले के समैण गांव के युवक टीनू जागड़ा से शादी रचाने वाली विदेशी बहू जाहना वीजा अवधि बढ़वाए बिना ही आज स्वदेश रवाना हो गई। यह मामला तब सुखियों में आया था जब वीजा अवधि खत्म होने की बात सामने आने पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट करके जाहना को आश्वासन दिलाया था कि उसकी वीजा अवधि को बढ़वाया जाएगा।  
 
इसके बाद से सुषमा स्वराज के लगातार चार ट्वीट के बाद भी जाहना यहां नहीं रूकी और स्वदेश लौट गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार उसेन स्वदेश लौटने की बड़ी वजह वीजा अवधि खत्म होना नहीं बल्कि अपने पति टीनू जागड़ा के साथ हुई अनबन बताया है। इस अनबन की पुष्टि सदर टोहाना थाना प्रभारी ने भी की है। इसके विपरीत जाहना के पति टीनू जागड़ा ने किसी प्रकार की अनबन होने से इंकार किया है। 
 
टोहाना सदर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि टीनू जागड़ा और जाहना के बीच लगभग 15 दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर ये दोनों पति-पत्नी थाना पहुंचे थे लेकिन उन्होंने दोनों के बीच सुलह करवाकर घर भेज दिया था। टीनू जागड़ा ने जाहना के साथ अनबन से इंकार करते हुये कहा कि कुछ समय कजाकिस्तान रहने के बाद वह वापस भारत लौट आएगी। उसकी मां ने उससे मिलने की इच्छा जताई थी। अपनी मां के बुलावे पर वह कजाकिस्तान गई है। वह एक माह के बाद खुद भी कजाकिस्तान जाएगा।