कुलदीप बिश्नोई के चचेरे भाई देवीलाल बिश्नोई का निधन

8/18/2017 3:07:06 PM

हिसार(अरोड़ा):कांग्रेस नेता व विधायक कुलदीप बिश्नोई के चचेरे भाई देवीलाल बिश्नोई का गत दिवस निधन हो गया। 52 वर्षीय देवीलाल पिछले कई महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके पैतृक गांव मोहम्मदपुर रोही में विधायक कुलदीप बिश्रोई व पूर्व मुख्य संसदीय सचिव दूड़ाराम की उपस्थिति में हजारों लोगों ने देवीलाल बिश्रोई अंतिम विदाई दी। राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ-साथ सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों द्वारा भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया है। 

देवीलाल बिश्नोई के निधन पर सैक्टर-14 स्थित आवास पर राजनीतिक, सामाजिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों, पत्रकारों, छायाकारों, सरकारी अफसरों, जज, वकील, रिटायर्ड कर्मचारियों व हरियाणा, पंजाब, राजस्थान दिल्ली से हजारों लोगों ने पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया व मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। यह शोक बैठक 30 अगस्त तक चलेगी। पूर्व सांसद पं. रामजीलाल, हरियाणा के शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव, हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की अध्यक्षा सुनीता दुग्गल, पूर्व मंत्री हरि सिंह सैनी, पूर्व मंत्री रामस्वरूप रामा, पूर्व विधायक रामकिशन फौजी, पूर्व विधायक प्रो. रामभगत, पूर्व विधायक कुलबीर बैनीवाल, रामस्वरूप जौहर, वरिष्ठ पत्रकार कमलेश भारतीय, कांगे्रस नेता होशियारी लाल शर्मा, वेद रावल, भूपेन्द्र गंगवा, छत्रपाल सोनी, जग्गू मिस्त्री ने बिश्नोई परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया।

कुलदीप के राजनीतिक सारथी थे देवीलाल
देवीलाल बिश्नोई को विधायक कुलदीप बिश्नोई का राजनीतिक सारथी कहा जाता था। वे पर्दे के पीछे रहकर पूरा राजनीतिक काम संभालते थे। बिश्नोई की रैलियों व सभी कार्यक्रमों में उनकी अहम भूमिका रहती थी। बिश्नोई के हर संघर्ष में कंधा से कंधा मिलाकर उन्होंने साथ दिया। बड़े व्यवसायी होने के बावजूद देवीलाल बिश्नोई साधारण व्यक्तित्व के धनी थे। कुलदीप बिश्नोई उनको इलाज के लिए सिंगापुर भी लेकर गए, परंतु तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें नहीं बचा पाए।