शादीशुदा महिला को शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म

11/18/2017 1:40:22 PM

हिसार:शहर के 2 अलग-अलग एरिया में 2 महिलाओं के साथ दुष्कर्म का मामला आया। एक मामले में पति के जेल में होने का फायदा उठाकर ड्राइविंग सिखाने वाले युवक ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। यही नहीं आरोपी के रिश्तेदार ने भी अश्लील हरकतें की। आरोप है कि आरोपी ने महिला की 9 साल की लड़की को जान से मारने की भी धमकी दी है। पुलिस ने आरोपी प्रदीप तथा दीपक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक शहर के एक एरिया में रहने वाली 35 वर्षीय महिला ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति एक मामले में जेल के अंदर बंद है। वह अपनी 9 साल की बेटी के साथ अकेली रहती है। करीब 3-4 महीने पहले ड्राइविंग सिखाने वाले दीपक के साथ उसकी मुलाकात हुई थी। उसके अकेलेपन का फायदा उठाते हुए दीपक ने नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दी और परिवार वालों से झगड़ा कर उनके मकान में आकर रहने लगा। उसके बाद शादी करने का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने लगा।
 

यह भी आरोप है कि दीपक का रिश्तेदार प्रदीप गाड़ी सिखाने के बहाने उसे बाहर ले जाता। महिला ने बताया कि प्रदीप ने गाड़ी सिखाने के दौरान सुनसान इलाके में उसके साथ अश्लील हरकत की और विरोध करने पर दीपक के साथ शादी न होने देने की धमकी दी। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि दीपक अगस्त माह से 11 नवम्बर तक शादी का झांसा देकर गलत काम करता रहा। जब शादी का दबाव डाला तो उसने शादी करने से इंकार कर दिया और पुलिस में शिकायत देने पर लड़की को जान से मारने की धमकी दी। 

शहर पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी प्रदीप और दीपक के खिलाफ धारा-376 एन, 354 ए, 506 व 34 के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं दुष्कर्म का एक मामला महिला थाना में आया। 22 वर्षीय युवती ने 2 व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दी थी। शिकायत में घर में घुसकर दुष्कर्म, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। युवती ने अपनी शिकायत में बताया कि एक व्यक्ति ने उसके घर में घुसकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। यही नहीं आरोपी ने अश्लील फोटो के साथ ब्लैकमेल किया। इसी केस में नया मोड़ ये आया कि आरोपी सतबीर ने उसका रास्ता रोककर केस वापस लेने के लिए दबाव बनाया। केस वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला पुलिस मामले की जांच कर रही है।