‘धर्मक्षेत्र’ से ‘रथ’ लेकर आज ‘संग्राम’ में उतरेंगे अभय

12/1/2018 10:33:55 AM

हिसार(संजय अरोड़ा): हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा शुरू की गई जनक्रांति रथयात्रा के बाद अब हरियाणा विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला भी इनैलो-बसपा गठबंधन के ‘रथ’ पर सवार होकर विरोधियों पर अपना निशाना साधेंगे। अभय सिंह चौटाला अपने इस सियासी ‘संग्राम’ का आगाज शनिवार को धर्मक्षेत्र कहे जाने वाले कुरुक्षेत्र से हरियाणा अधिकार यात्रा के रूप में कर रहे हैं। 

अभय सिंह चौटाला शनिवार को दोपहर 2 बजे कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर से इस रथयात्रा को शुरू करेंगे। इस दौरान वे ज्योतिसर में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। अभय सिंह चौटाला की यह जन अधिकार रथयात्रा 2 दिसम्बर को गन्नौर व राई होते हुए दिल्ली पहुंचेगी और 3 दिसम्बर को इस रथयात्रा के माध्यम से नेता प्रतिपक्ष पटौदी के लोगों के रू-ब-रू होंगे। इसके बाद उनका यह सियासी रथ 5 दिसम्बर को बावल व सोहना में पहुंचेगा।

चूंकि इसके बाद हरियाणा में नगर निगम व नगर पालिकाओं के चुनाव हैं, इसलिए 16 दिसम्बर को चुनाव के बाद अभय सिंह चौटाला की रथयात्रा का दूसरा चरण शुरू होगा। अहम बात यह है कि इस रथयात्रा में चलने वाले रथ पर ‘न्याययुद्ध फिर एक बार और जन मन की भागीदारी और दुलार, दिलाएगा सबको बराबर का अधिकार’ के नारे लिखे गए हैं। रथ पर इनैलो नेताओं के साथ-साथ बसपा नेताओं के चित्र भी लगाए गए हैं। इस यात्रा के दौरान अभय सिंह चौटाला के साथ इनैलो व बसपा के प्रांतीय नेता मौजूद रहेंगे।

इन बातों पर रहेगा फोकस
नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला द्वारा शुरू की जा रही हरियाणा अधिकार रथयात्रा के तहत चौटाला प्रदेश में जन अधिकारों की आवाज बुलंद करने के साथ-साथ जिन अन्य मुद्दों पर विशेष फोकस करेंगे उनमें सतलुज यमुना लिंक नहर का मुद्दा अहम होगा। इसके अलावा दादुपुर नलवी नहर का निर्माण पूरा करवाने, प्रदेश के कर्मचारियों पर चल रहे दमनचक्र के खिलाफ सरकार को घेरने व व्यापारियों पर काले कानून लागू करके सरकार द्वारा उन्हें परेशान करने को लेकर भी अभय सिंह सरकार के खिलाफ आक्रामक तेवरों में नजर आ सकते हैं।

इन सबके अलावा सरकार द्वारा किसानों के विरुद्ध बनाई जा रही नीतियों को लेकर भी अभय सिंह चौटाला सरकार पर प्रहार करते नजर आएंगे। किसानों से धान व बाजरे की फसल में की गई धांधली के मसले पर इनैलो नेता सरकार को घेरने का प्रयास करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की आवाज को उठाएंगे। इसके अलावा वे अपने भाषणों में वर्तमान सरकार में भ्रष्टाचार के मुद्दे भी उजागर कर सकते हैं। 

अधिकार यात्रा खोलेगी सरकार की पोल : अरोड़ा
इनैलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि इनैलो-बसपा की यह रथयात्रा पूरे प्रदेश में जाकर जहां सरकार की पोल खोलेगी, वहीं गठबंधन की नीतियों से जनता को अवगत करवाएगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन की वर्तमान में प्रदेश में जबरदस्त लहर चल रही है और इस रथयात्रा के बाद गठबंधन के पक्ष में ऐसा तूफान आएगा जो विधानसभा चुनावों में 1987 का इतिहास दोहराते हुए भाजपा व कांग्रेस सहित सभी विरोधी दलों को उड़ाकर ले जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निश्चित है कि जनता इस बार देश व प्रदेश में किसान, मजूदर व कमेरे वर्ग की सरकार बनाने को आतुर है। 
 

 

Rakhi Yadav