रोडवेज कर्मचारी नेताओं के ठिकानों पर छापे, 2 गिरफ्तार

10/29/2018 11:31:29 AM

हिसार(पंकेस): हड़ताल से निपटने के लिए सरकार ने सख्त रवैया अपना लिए है। रोडवेज के जिन कर्मचारी नेताओं पर केस दर्ज हैं उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने बीती रात्रि जहां रोडवेज कर्मचारी नेता कुलदीप पाबड़ा को गिरफ्तार किया। वहीं रविवार को एक और कर्मचारी नेता राम सिंह बिश्नोई को गिरफ्तार किया। इससे पहले भी पुलिस कुछ नेताओं को पकड़ चुकी है। रविवार को कुलदीप पाबड़ा को विशेष अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं कई नेता गिरफ्तारी के भय से भूमिगत हो गए हैं। 

उल्लेखनीय है कि हड़ताल के दौरान शहर थाने में 5 एफ.आई.आर. दर्ज हो चुकी हैं। इनमें से एक एफ.आई.आर. में तो कर्मचारी नेता दलबीर किरमारा, राजपाल नैन सहित अन्य नेताओं पर केस दर्ज किया गया था। इसके अलावा 7 अनुबंधित कर्मचारियों चालक राजेश, पवन, अशोक, फतेह सिंह, विरेंद्र, नरेश, नागेंद्र पर केस दर्ज किया गया था। शहर पुलिस ने एस्मा के तहत कार्रवाई करते हुए कर्मचारी नेता कुलदीप पाबड़ा को शनिवार रात्रि गिरफ्तार किया। वहीं अब कर्मचारी नेता राम सिंह को गिरफ्तार किया।

राम सिंह को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। अन्य कर्मचारी नेताओं की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस को उन कर्मचारी नेताओं की तलाश है जो हड़ताल के पीछे अपनी भूमिका निभा रहे हैं। साथ ही पुलिस की ऐसे नेताओं पर निगाहें लगी हुई हैं जो सरकारी बसों को चलाकर लोकल रूटों पर या अन्य रूटों पर ले जाते हैं तो रास्ते में गाली-गलौच करते हैं। ऐसी कई शिकायतें ए.डी.सी. के पास पहुंच चुकी हैं। इन शिकायतों पर भी शीघ्र कार्रवाई होने वाली है। 
 

 
 

Rakhi Yadav