जब शादी के एक दिन पहले दूल्हों के सामने दुल्हनों की खुली पोल

9/1/2016 1:56:28 PM

हिसार: हरियाणा के हिसार में दो भाइयों को शादी के एक दिन पहले दुल्हनों के बारे में कुछ ऐसा पता चला कि उनके होश उड़ गए। बता दें कि गांव मात्रश्याम के दो चचेरे भाइयों की शादी थी। उनकी शादी राजस्थान के सरदार शहर के एक गांव में तय हुई थी। टीके के वक्त दुल्हनों के लिए करीब ढाई लाख के जेवर भी दिए गए थे। बुधवार को बारात जानी थी।


मंगलवार को घुड़चढ़ी की तैयारी के समय किसी परिचित के फोन से यह पता चलने पर कि उनके साथ धोखा हुआ है तो शादी की तैयारियां धरी की धरी रह गईं। जानकारी के अनुसार शादी दो बिचौलियों के जरिए तय हुई थी। युवकों के परिजनों की बिचौलियों से मुलाकात नोहर के पास हुई थी। बिचौलियों ने दोनों लड़कों के लिए दो लड़कियां दिखाईं थी। पसंद आने पर शादी तय हो गई। कुछ लोग सरदार शहर से आकर 15 दिन पहले दोनों लड़कों का टीका कर गए। तब बिचौलियों को करीब 15 हजार रुपए और दोनों दुल्हनों के लिए सोने के ढाई लाख के जेवर वर पक्ष ने दिए थे। इसके बाद दूल्हे के परिजन शादी की तैयारियों में लग गए।


कुनबे की शादीशुदा लड़कियां और रिश्तेदार खुशी के मौके में शरीक होने के लिए गांव में पहुंच गए। शादी की निर्धारित तिथि से 3 दिन पहले परंपरा के अनुसार दोनों लड़कों को बान बैठा दिया गया। बुधवार को बारात जानी थी। मंगलवार को घुड़चढ़ी की तैयारी हो रही थी और परिजनों को किसी से फोन पर बात करने पर पता चला कि शादी में कुछ गड़बड़ है। परिजनों ने दोनों बिचौलियों से संपर्क किया तो उनका फोन स्विच ऑफ आने लगा। इसके बाद कुनबे के लोग एक वाहन लेकर चल पड़े और देर रात बिचौलियों के गांव पहुंचे लेकिन वहां दोनों गायब थे।


पंचायत बैठी, डेढ़ लाख रुपये देने का फैसला
बताया जा रहा है कि उस गांव के सरपंच ने बुधवार सुबह पंचायत बुलाई। पंचायत में वर पक्ष ने कहा कि उनके साथ धोखा हुआ है। वे समाज में बेइज्जती महसूस कर रहे हैं। काफी देर की जद्दोजहद के बाद पंचायत ने डेढ़ लाख रुपए देने का फैसला किया। तभी दोनों बिचौलियां लौट आई।