युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप

12/12/2018 11:38:02 AM

हिसार(ब्यूरो): जिले के एक गांव की एक विवाहिता ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोपी के भाई, भाभी और एक अन्य पर सहायता करने का आरोप लगाया है। उकलाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर 4 के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में विवाहिता का कहना है कि गत 22 जुलाई 2018 को उसकी शादी हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद मायके आई। उस दौरान पड़ोस में रहने वाले युवक की भाभी घर पर आई। मंदिर में ले जाने के बहाने अपने घर ले गई। वहां पर एक कमरे में सोनू नामक युवक बैठा था। आरोप है कि सोनू ने जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इस बारे में इज्जत के डर से किसी को कुछ दिन नहीं बताया लेकिन ससुराल जाने पर सोनू और उसकी भाभी ने पति को फोन कर भड़काना शुरू कर दिया। इससे हर रोज घर पर झगड़ा रहने लगा।

झगड़े का पता चलने पर मायके वाले उसे ले गए। मायके आने पर फिर से उसे बहला-फुसलाकर सोनू की भाभी अपने साथ ले गई। उसके बाद सोनू और 2 अन्य उसे गाड़ी में बिठाकर एक गांव में ले गए। आरोप है कि वहां पर शादी करने का झांसा देकर सोनू ने फिर से शारीरिक संबंध बनाए। मायके आने पर जब सोनू से शादी करने की बात कही तो उसने इंकार कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी सोनू के अलावा अजय, नरेन्द्र व एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Deepak Paul