युवक को तेजधार हथियार से हमला कर किया घायल

10/30/2017 1:55:40 PM

हिसार: सैनियान मोहल्ला निकट एक युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। आरोप है कि यह हमला होटल खाली करने के मामले में किया गया। घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल उदयवीर सिंह ने बताया कि वह आज सुबह सैनियान मोहल्ला से किसी कार्य से जा रहा था। रास्ते में 2 युवकों ने उसे रोक लिया और स्टेशन के सामने स्थित होटल खाली करने की बात कही। मना करने पर युवकों ने उस पर तेजधार हथियार से वार कर घायल कर दिया। राहगीरों के बीच-बचाव करने पर हमलावर वहां से फरार हो गए। घायल ने बताया कि यह हमला राजन और बंटी ने किया।वहीं गांव बुड़ाक में प्लाट के विवाद को लेकर हुए झगड़े में 3 व्यक्ति घायल हो गए।

अस्पताल में उपचाराधीन रणधीर सिंह ने बताया कि उसके भाई की पत्नी प्लाट में गोबर डालती है। उसे वहां पर गोबर डालने से मना किया था। लेकिन बाद में वह अपने 2 बेटों के साथ और उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर हमले में रणधीर सिंह की पत्नी और लड़का भी घायल हो गया। इन सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस को मामले की जानकारी दे दी है। वहीं नैशनल हाईवे पर मयूर ढाबा के मालिक पर हमला कर घायल कर दिया। अस्पताल में उपचाराधीन ढाबा मालिक कुलदीप सिंह ने बताया कि रात्रि को नशे की हालत में 2 व्यक्ति आए और पैसे मांगने लगे। पैसे न देने पर एक ने चाकू से गर्दन पर वार किया तथा दूसरे ने डंडे से हमला कर दिया। शोर मचाने पर दोनों फरार हो गए। आरोप है कि इस दौरान ढाबा मालिक की सोने की चेन गायब हो गई। पुलिस मामलों की जांच कर रही है।