11वीं की छात्रा से युवकों ने किया दुष्कर्म, बताने पर दी जान से मारने की धमकी

11/15/2019 11:11:52 AM

हिसार (ब्यूरो) : बरवाला एरिया के एक गांव की 15 साल की नबालिगा ने गांव के 2 युवकों पर रात के समय बाइक पर खेत में ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला थाना पुलिस ने 2 नामजद के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार बरवाला एरिया के एक गांव की 15 साल की एक लड़की 11वीं कक्षा में पढ़ती है। आरोप है कि 3 दिन पहले रात को साढ़े 10 बजे गांव के ही 2 लड़के बाइक पर आए और भय दिखाकर उसे खेत में बने कोठे में ले गए।

दोनों युवकों ने वहां उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। किशोरी ने शोर मचाने का प्रयास किया तो उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी। बाद में युवक उसे बाइक पर बिठाकर घर के पास छोड़कर फरार हो गए। वह सहमी हुई थी। परिजनों ने पूछा तो उसने आपबीती बताई। बाद में मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। महिला थाना प्रभारी बिमला देवी ने बताया कि शिकायत के आधार पर 2 नामजद के खिलाफ केस दर्ज किया है।

Isha