प्रदेश में जल्द बनेंगे 375 आंगनबाड़ी भवन : जैन

2/10/2018 10:31:19 AM

चंडीगढ़(ब्यूरो): हरियाणा प्रदेश में नन्हें-मुन्नों के लिए 375 आंगनबाड़ी भवन जल्द ही बनाए जाएंगे। इन भवनों के निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। जिन पर लगभग 1856.25 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने यह जानकारी दी। जैन ने बताया कि प्रत्येक आंगनबाड़ी के निर्माण पर 9 लाख 95 हजार रुपए की राशि खर्च होगी। इसमें से सरकार के निर्देशानुसार 5 लाख रुपए मनरेगा एक्ट के फंड से और 4 लाख 95 हजार रुपए की राशि महिला एवं बाल विकास विभाग के बजट से खर्च होनी है, जो जिला परिषद खर्च करेगा। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केन्द्रों का निर्माण पंचायती राज विभाग द्वारा किया जाएगा।

करनाल में होगा 46 भवनों का निर्माण
जैन ने बताया कि अम्बाला व भिवानी जिले में 10-10 आंगनबाड़ी भवन बनाए जाएंगे।  इसी प्रकार, फतेहाबाद में 11, हिसार व नारनौल जिलों में 25-25, झज्जर व मेवात जिलों में 35-35, जींद व पलवल जिले में 24-24, कैथल में 1, करनाल जिले में 46, कुरूक्षेत्र में 13, पंचकूला में 4, पानीपत में 33, रेवाड़ी में 2, रोहतक में 20, सिरसा में 10, सोनीपत में 38 तथा यमुनानगर में 9 आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण किया जाएगा।