5 करोड़ से होगा अटल पार्क का निर्माण, दीवारों पर बनेगी अटल गैलरी

7/22/2019 9:08:23 AM

जींद (जसमेर): सफीदों रोड पर पशु पालन विभाग परिसर की लगभग 8 एकड़ जमीन में अटल पार्क निर्माण को लेकर न.प. प्रशासन ने ठेकेदार को वर्क अलॉट कर दिया है। लगभग 5 करोड़ रुपए की लागत से अटल पार्क विकसित होगी। इसे डी.सी. कॉलोनी में वन विभाग की हर्बल पार्क की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। अटल पार्क की दीवारों पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन से जुड़े चित्रों की अटल दीवार बनाई जाएगी। इसमें पुरुषों और महिलाओं के लिए योग करने की अलग-अलग व्यवस्था होगी। सी.एम. मनोहर लाल ने 26 दिसम्बर 2014 को जिले के पहले दौरे में सफीदों रोड पर पशु पालन विभाग परिसर की 8 एकड़ जमीन में अटल पार्क के निर्माण की घोषणा की थी।  

 सी.एम. मनोहर लाल ने 26 दिसम्बर 2014 को अटल पार्क के निर्माण की घोषणा करते हुए कहा था कि यह 2 साल में बनकर तैयार हो जाएगी। 2 साल में तो पशु पालन विभाग की यह जमीन ही नगर परिषद के नाम ट्रांसफर नहीं हो पाई। लगभग 4 साल इसी काम में लग गए। जमीन नप के नाम ट्रांसफर होने के बाद अटल पार्क के निर्माण को लेकर टैंडर की औपचारिकताओं में मामला उलझा रहा। कभी किसी ने पार्क निर्माण के लिए टैंडर ही नहीं भरे तो कभी टैंडर तकनीकी पेंच में फंस कर रह गए। इसके चलते सी.एम. की इस घोषणा पर लगभग साढ़े 4 साल बीत जाने के बाद भी काम शुरू  नहीं हो पाया।  

जिले की सबसे बेहतरीन पार्क बनेगी 
सफीदों रोड पर अटल पार्क के निर्माण में फंसे तमाम पेंच नगर परिषद प्रशासन ने निकालते हुए अब एक कंपनी को पार्क विकसित करने को लेकर वर्क अलॉट कर दिया है। न.प. प्रधान पूनम सैनी के अनुसार 5 करोड़ रुपए की लागत से अटल पार्क के निर्माण का काम टैंडर के बाद अलॉट हो गया है। अटल पार्क शहर की सबसे बेहतरीन पार्क बनेगी। इसके प्रवेश द्वार पर म्यूजियम बनेगा। पार्क की दीवारों पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन से जुड़े चित्र बनाए जाएंगे जिसे अटल गैलरी का नाम दिया जाएगा। अटल पार्क को डी.सी. कॉलोनी में वन विभाग की हर्बल पार्क की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसमें औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही सैर के लिए वॉकिंग ट्रैक बनाए जाएंगे। 

Isha