अपने मन में कोई कुछ भी बन सकता है:बीरेंद्र सिंह

11/28/2017 10:49:50 AM

जींद(मलिक):जींद में रविवार को कुरुक्षेत्र के भाजपा सांसद राजकुमार सैनी की ओर से मंच से खुद को प्रदेश का भावी सी.एम. बताने और केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की ओर से सांसद सैनी को प्रदेश का भावी सी.एम. बताने पर केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा कि अपने मन में और ख्यालों में कोई कुछ भी बन सकता है। बीरेंद्र सिंह सोमवार को जींद में बैठक की अध्यक्षता करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि एक बार पं. जवाहर लाल नेहरू प्रधानमंत्री होते हुए जेल में दौरे पर गए थे।

उनके सामने जेल में एक पागल व्यक्ति आया और जब उससे पं. जवाहर लाल नेहरू ने परिचय पूछा तो सामने से जवाब मिला कि वह प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू हैं। ऐसी ही कुछ स्थिति सांसद राजकुमार सैनी के मामले में बन रही है। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि हुड्डा को जसिया रैली में आना चाहिए था। इस तरह की मांग रैली में आए लोग कर रहे थे और हुड्डा को जसिया रैली में नहीं आने को लेकर लेने के देने पड़ सकते हैं।