ATM कार्ड बदल निकाली 1.20 लाख रुपए की राशि

2/11/2018 12:33:28 PM

जींद(ब्यूरो): शहर के हुडा ग्राऊंड स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया के ए.टी.एम. कैबिन से उपभोक्ता का ए.टी.एम. कार्ड बदल किसी व्यक्ति ने एक लाख 20 हजार रुपए की राशि को निकलवा लिया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने उपभोक्ता की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी तथा धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार मूल रूप से बराह कलां और हाल आबाद जींद के सेक्टर 11 के बलवान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 8 फरवरी को वह हुडा ग्राऊंड स्थित एस.बी.आई. बैंक के ए.टी.एम. कैबिन से राशि निकलवाने के लिए गया हुआ था।

काफी प्रयास के बाद भी ए.टी.एम. से राशि नहीं निकली। इस पर ए.टी.एम. कैबिन में खड़े युवक ने सहायता के नाम पर उसका ए.टी.एम. कार्ड ले लिया लेकिन राशि फिर भी नहीं निकली। इस पर वह घर वापस लौट आया। गत दिवस वह बैंक में गया तो पता चला की उसके खाते से एक लाख 20 हजार रुपए की राशि निकाल ली गई है। जब उसने ए.टी.एम. कार्ड की जांच की तो वह भी बदला हुआ था।