बृजेंद्र सिंह राजनीति में आते हैं तो हलके के लोगों को होगा फायदा : प्रेमलता

12/15/2018 2:53:40 PM

जींद: केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के आई.ए.एस. बेटे बृजेंद्र सिंह (वैणी) राजनीति में एंट्री कर सकते हैं। उचाना से भाजपा विधायक प्रेमलता ने कहा कि 23 दिसम्बर को किसान दिवस पर जींद की सी.आर.एस.यू. में कार्यक्रम होगा जिसमें केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के साथ वह खुद हिस्सा लेंगी। कार्यक्रम में उनके आई.ए.एस. बेटे बृजेंद्र सिंह भी पहुंचेंगे।

बृजेंद्र सिंह भी राजनीति में आ सकते हैं। वह उचाना के घसो कलां गांव में पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। विधायक ने यह पूरी तरह से स्पष्ट नहीं किया कि किसान दिवस पर राजनीति में आने की घोषणा करेंगे या बाद में। विधायक ने कहा कि अगर बृजेंद्र सिंह राजनीति में आते हैं तो हलके के लोगों को फायदा होगा। कभी भी दूसरे राजनेताओं की तरह बदले की राजनीति नहीं की है। हमेशा बदलाव की राजनीति की है ताकि हलके में अधिक से अधिक काम हो, हर वर्ग के लोगों को संगठन के साथ जोड़ा जाए।

5 राज्यों के विस चुनावों परिणामों पर भाजपा विधायक ने कहा कि इन चुनावों के परिणामों का किसी तरह से असर लोकसभा चुनाव पर नहीं पड़ेगा। विस चुनाव अलग मुद्दों पर होते हैं तो लोकसभा चुनाव अलग मुद्दों पर होते हैं। देश के मतदाता भाजपा को प्रचंड बहुमत लोकसभा चुनाव में देंगे। नरेंद्र मोदी दूसरी बार प्रदेश के पी.एम. बनेंगे। राजस्थान में भाजपा को 38.8 प्रतिशत वोट मिले हैं तो कांग्रेस को 39.3 प्रतिशत वोट मिले हैं। एम.पी. में तो भाजपा का वोट प्रतिशत कांग्रेस से ज्यादा रहा। यहां भाजपा को 41 प्रतिशत मत मिले तो कांग्रेस को 40.9 प्रतिशत मत मिले। मतदाता की पसंद आज भी भाजपा है। इस मौके पर हरेंद्र डूमरखां, संजीव डूमरखां, सुरेंद्र गर्ग, रमेश श्योकंद, कपिल खरकभूरा, धर्मेंद्र चहल, अनूप श्योकंद, रणधीर पांचाल, राजेश श्योकंद, रणधीर श्योकंद, जितेंद्र डूमरखां, श्रीकांत कसुहन मौजूद रहे।

Deepak Paul