लुटेरा गिरोह की महिला सदस्य काबू, 2 लाख बरामद

12/12/2018 11:39:48 AM

जींद(प्रदीप): जींद में डी.आर.डी.ए. के सामने की हुडा मार्कीट में बैंक के एक रिटायर्ड कर्मचारी से 6 लाख रुपए छीनने की वारदात को डिटैक्टिव स्टाफ ने ट्रेस आऊट करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। डिटैक्टिव स्टाफ पुलिस के अनुसार रिटायर्ड कर्मचारी से 6 लाख रुपए मध्य प्रदेश के गिरोह के 2 लोगों ने छीने थे। रेलवे स्टेशन के पास से इस गिरोह में शामिल जिस महिला को गिरफ्तार किया है, उसके खिलाफ दिल्ली में भी चोरी के 4 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने महिला से 2 लाख रुपए की नकदी बरामद की है। शादी-समारोह के सीजन के चलते वारदातों को अंजाम देने के लिए मध्य प्रदेश का यह गिरोह जींद में सक्रिय था। वारदात में शामिल मुख्यारोपी पकड़ी गई महिला के गांव का ही दीपक अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

बुधवार को पुलिस की इस बड़ी सफलता के बाद डिटैक्टिव स्टाफ इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि 5 दिसम्बर को डी.आर.डी.ए. के सामने की हुडा मार्कीट से अर्बन एस्टेट कालोनी का रिटायर्ड कर्मचारी राजेंद्र सिंह अपने एरियर के एकत्रित 6 लाख रुपए बैंक से निकलवाकर जा रहा था तो एक युवक राजेंद्र सिंह का पीछा करते हुए पैसों से भरा बैग छीनकर फरार हो गया था। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज किया था।

सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि राजेंद्र सिंह से नकदी छीनने के मामले में शामिल एक महिला रेलवे स्टेशन के पास खड़ी है। सूचना के आधार पर छापेमारी की और डालबाई नामक महिला को काबू कर लिया और उसके कब्जे से 2 लाख रुपए की नकदी बरामद हुई। पुलिस द्वारा पूछताछ में महिला ने बताया कि 5 दिसम्बर को वारदात के दिन वह उसके ही गांव के दीपक और 4 छोटे बच्चों को लेकर बैंक के पास घूम रही थी। इसी दौरान बुजुर्ग राजेंद्र सिंह पैसे निकालने के लिए बैंक में आया और काऊंटर से ज्यादा राशि निकालते हुए उसने देख लिया। जब बुजुर्ग पैसे लेकर बैंक से बाहर निकला तो उसने अपने साथी दीपक की तरफ इशारा कर दिया।

इशारा मिलते ही दीपक ने उसका पीछा करके नकदी से भरे बैग को छीनकर फरार हो गया। इसके बाद आरोपी वहां से निकल गए। महिला ने बताया कि उसके हिस्से में 3 लाख रुपए आए। 1 लाख रुपए उसने खर्च कर दिए और 2 लाख रुपए की नकदी को लेकर उसे जाना था तो रास्ते में ही पुलिस ने काबू कर लिया। पुलिस इस मामले में आरोपी दीपक की तलाश कर रही है। डिटैक्टिव स्टाफ पुलिस के इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पकड़ी गई महिला की पहचान मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कंडिया गांव की डालबाई के रूप में हुई है। महिला के गांव के दीपक को भी पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी। सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शादी के सीजन के चलते पहले यह गिरोह दिल्ली में सक्रिय था। अब जींद में आया था, ताकि यहां पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा सके। दिल्ली में पकड़ी गई महिला डालबाई के खिलाफ चोरी के 4 मामले पहले से दर्ज हैं।

Deepak Paul