कर्मचारियों ने सरकार पर बनाया दबाव

2/20/2019 10:47:42 AM

चंडीगढ़(पांडेय): बजट सत्र में विधानसभा से बाहर सरकार को घेरने के लिए कर्मचारियों ने भी कमर कस ली है। प्रदेश के कर्मचारियों के सबसे बड़े संगठन सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने सरकार को आगाह किया कि अगर 24 फरवरी तक बजट सत्र में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के लिए रैगुलराइजेशन बिल पारित नहीं किया तो 25 फरवरी को सभी जिला मुख्यालयों पर सामूहिक धरने दिए जाएंगे। इसी दिन पंचकूला में बड़ा प्रदर्शन भी किया जाएगा। 

सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव सुभाष लांबा ने बताया कि हरियाणा सरकार ने मानसून सत्र में रैगुलराइजेशन बिल पारित कर सभी प्रकार के कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और हाईकोर्ट के फैसले से प्रभावित कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा प्रदान करने का वायदा किया था लेकिन मानसून सत्र से ठीक पहले सरकार अपने वायदे से पीछे हट गई थी। लांबा ने बताया कि सरकार भाजपा के चुनावी वायदे पर अमल करते हुए अनियमित कर्मचारियों को पक्का करने की बजाय उनको नौकरी से हटाकर उनके चूल्हों को ठंडा कर रही है। 

उन्होंने कांग्रेस, इनैलो, जजपा व बसपा से विधानसभा में एन.एच.एम. कर्मचारियों की हड़ताल और कर्मचारियों की रैगुलराइजेशन, पंजाब के समान वेतनमान व पैंशन, पुरानी पैंशन बहाल करने, 7वें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार मकान किराए भत्ते में बढ़ौतरी करने, रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल में किए गए दमन एवं उत्पीडऩ की कार्रवाइयों को समाप्त करने, समान काम- समान वेतनमान देने, कैशलैस मैडीकल सुविधा प्रदान करने, जन सेवाओं के निजीकरण की मुहिम पर रोक लगाने आदि मांगों को उठाने की मांग की। '
 

Deepak Paul