महिला आई.टी.आई. में शुरू होगा फाइनैंस एग्जीक्यूटिव कोर्स

6/24/2019 11:17:16 AM

जींद (ब्यूरो): जींद की राजकीय महिला आई.टी.आई. में फाइनैंस एग्जीक्यूटिव का कोर्स शुरू होगा। अगस्त महीने से शुरू होने वाले आई.टी.आई. के शैक्षणिक सत्र में इस कोर्स की क्लासिज शुरू हो जाएंगी। कोर्स में दाखिले जुलाई महीने में होंगे। अभी तक जिले की किसी भी सरकारी आई.टी.आई. में फाइनैंस एग्जीक्यूटिव का कोर्स नहीं चल रहा है। प्रदेश सरकार ने जींद की राजकीय महिला आई.टी.आई. में इस साल से फाइनैंस एग्जीक्यूटिव का कोर्स शुरू करने को मंजूरी दी है।

कोर्स के लिए 24 सीटों को मंजूरी दी गई है। राजकीय महिला आई.टी.आई. के इंचार्ज गु्रप इंस्ट्रक्टर रमेश तंवर के अनुसार फाइनैंस एग्जीक्यूटिव के इस कोर्स में जी.एस.टी. पर खास फोकस रहेगा। कोर्स के दौरान बच्चों को जी.एस.टी. की पूरी जानकारी दी जाएगी। इस समय जी.एस.टी. के दायरे में बहुत कुछ आ चुका है। फाइनैंस एग्जीक्यूटिव का कोर्स करने वाले बच्चों के लिए जींद में ही रोजगार के काफी अवसर उपलब्ध रहेंगे। 
 

Naveen Dalal