जींद, नरवाना, सफीदों में फ्लाइंग स्टाफ की रहेगी ड्यूटी, किसी भी बूथ पर नहीं रहने दी जाएगी भीड़

8/13/2019 1:45:15 PM

जींद(हिमांशु): इस बार  रक्षाबंधन के त्यौहार पर ज्यादा भीड़-भाड़ रहने की संभावना है। इसी को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। रक्षाबंधन के दिन जींद, नरवाना और सफीदों डिपो के बूथों पर रोडवेज में फ्लाइंग स्टाफ को भी तैनात किया जाएगा ताकि रक्षाबंधन के दिन होने वाली भीड़-भाड़ को कंट्रोल किया जा सके।  बसों में हर साल रक्षाबंधन पर सरकार की ओर से महिला और उनके 15 साल के बच्चों के लिए फ्री सुविधा दी हुई है।

यह सुविधा इस साल भी लागू की गई है। इसको लेकर परिवहन विभाग के मुख्यालय ने सभी डिपो महाप्रबंधकों को निर्देश भी जारी कर दिए हैं। जारी हुए निर्देशों के अनुसार जींद डिपो महाप्रबंधक आर.एस. पूनिया ने रक्षाबंधन के दिन रोडवेज में फ्लाइंग में ड्यूटी दे रहे कर्मचारियों को भी बस अड्डे पर रहने के आदेश दे दिए हैं ताकि किसी भी यात्री को कोई परेशानी न हो। रक्षाबंधन के दिन जिस भी बूथ पर भीड़ ज्यादा दिखेगी तो उस बूथ पर पहले बसों को लगाते हुए प्राथमिकता दी जाएगी। रक्षाबंधन के दिन किसी भी तरह की कोई रोटेशन नहीं लागू होगी। जींद डिपो प्रशासन की माने तो उनका भी ये ही कहना है कि इस बार रक्षाबंधन को किसी भी महिला को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।

14 अगस्त दोपहर 12 बजे से 15 अगस्त रात 12 बजे तक  रहेगी फ्री बस सेवा हरियाणा राज्य परिवहन विभाग के मुख्यालय से जारी हुई निर्देशों के अनुसार रक्षाबंधन के दिन 14 अगस्त दोपहर 12 बजे से 15 अगस्त रात 12 बजे तक महिलाओं और उनके 15 साल तक के बच्चों के लिए बस सेवा फ्री रहेगी। इस दिन वह 36 घंटे तक यात्रा कर सकते हैं। बसों में महिलाओं की भीड़ ज्यादा होने पर इंटर स्टेट की बसों को लोकल रूटों पर चलाया जाएगा। ऐसे में 15 अगस्त को जींद डिपो की बसें लगभग 40 हजार महिलाओं और बच्चों को ढोने के लिए तैयार हैं। निजी बसों में भी इसी दिन महिलाओं और बच्चों की यात्रा बिल्कुल मुफ्त रहेगी।

Isha