टावर लगवाने का झांसा देकर हड़पे डेढ़ लाख

12/10/2017 12:31:51 PM

जींद:निजी मोबाइल कम्पनी का टावर लगवाने का झांसा देकर 1 लाख 57 हजार रुपए हड़पने पर शहर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ईंटल कलां गांव के कर्ण सिंह ने पुलिस शिकायत में बताया कि जून 2017 में उसका सम्पर्क सोनीपत के सुभाष चंद्र से हुआ। बातचीत के दौरान सुभाष चंद्र ने बताया कि वह निजी मोबाइल कम्पनी में कार्य करता है और 4 जी टावर लगवाने के लिए जगह की तलाश कर रहा है। सुभाष ने उसे टावर लगने पर अच्छा-खासा किराया मिलने तथा एक आदमी को रोजगार देने की बात कही। सुभाष के झांसे में आकर उसने 1 लाख 57 हजार रुपए उसे दे दिए। इसके बावजूद उसकी जगह पर मोबाइल टावर नहीं लगा। टावर नहीं लगने पर जब उसने राशि वापस मांगी तो उसने लौटाने से मना कर दिया। शहर थाना पुलिस ने कर्ण सिंह की शिकायत पर सोनीपत के सुभाष चंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में ख्यानत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।