हरियाणा सरकार को राजपूत नेताओं की चेतावनी राज्य में न हो फिल्म ‘पद्मावती’ रिलीज

12/10/2017 4:53:38 PM

पंचकूला: संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावती’ के खिलाफ शनिवार को पंचकूला में राजपूत समुदाय ने जमकर विरोध किया। संजय लीला भंसाली और दीपिका पादुकोण पर जमकर टिप्पणियां की गईं और खुले मंच से केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार को राजपूत नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि यह फिल्म रिलीज की गई तो ईंट से ईंट बजा देंगे। 

रैली में अमेठी के सांसद संजय सिंह, राष्ट्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेढ़ी, साध्वी देवा ठाकुर, साध्वी प्राची, राजनेता नेता सूरजपाल अम्मू, सीता सिंह, एडवोकेट ए.पी. सिंह, करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष भवानी सिंह सहित अन्य राजपूतों संगठनों के नेताओं ने भाजपा सरकार को फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी। साध्वी प्राची ने कहा कि देश में सांस्कृतिक आतंकवाद फैलाने का काम फिल्मी सितारे कर रहे हैं। भंसाली में हिम्मत है तो जरा मोहम्मद साहिब पर फिल्म बनाकर दिखाए। 
उन्होंने कहा कि भारत की तस्वीर हैं मां पद्मावती। 

भंसाली को गोली मार देनी चाहिए : साध्वी देवा ठाकुर
साध्वी देवा ठाकुर ने कहा कि हरियाणा सरकार को अब तक जाग जाना चाहिए। इस फिल्म पर बैन लगा देना चाहिए। उन्होंने दीपिका पर अभद्र टिप्पणी करते हुए कहा कि जो रोज शहर बदलते हैं, वह कभी जौहर नहीं करते हैं। भंसाली को गोली मार देनी चाहिए। उन्होंने लोगों को हाथ हिलाकर सी.एम. का विरोध करने के लिए कहा है।