हरियाणा सरकार ने ग्रुप डी के पदों का ब्यौरा मांगा

7/11/2018 11:48:30 AM

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने ग्रुप डी पदों के संबंध में एक सामान्य भर्ती अभियान शुरू किया है और सभी विभागों को हरियाणा ग्रुप डी कर्मचारी (सेवा में भर्ती और शर्तें) अधिनियम 2018 के प्रावधानों के अनुसार हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को सीधे सभी ग्रुप डी के पदों के लिए नई मांग भेजने के निर्देश दिए है। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि सामान्य भर्ती अभियान स्वीपर, चौकीदार और स्वीपर-सह-चौकीदार के पदों को छोड़कर, शेष सभी ग्रुप डी पदों के लिए होगा। 

विभागों को निर्देश दिये गए है कि मांग समय-समय पर जारी निर्देशों और दिशा-निर्देशों के आधार पर ग्रुप डी के पदों के लिए निर्धारित आरक्षण नीति या मानदंडों के अनुसार होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि सभी विभागों, आयुक्तों, उपायुक्तों और बोर्डों को ग्रुप डी के पदों के संबंध में सामान्य भर्ती अभियान के लिए नए सिरे से मांग भेजने का परामर्श दिया गया है। प्राप्त जानकारी अनुसार चतुर्थ श्रेणी की नौकरियों में खिलाड़ियों और दिव्यांगों के लिए शुरू विशेष भर्ती अभियान को सरकार ने फिलहाल रोक दिया है। 

Rakhi Yadav