दूल्हे की हरकतों से ठुकराया रिश्ता...किसी और की हुई दुल्हनिया (Watch Pics)

7/15/2016 1:22:32 PM

सफीदों: उपमंडल के पाजू कलां गांव में बारात जाने से पहले रात को दूल्हा गायब हो गया। आखिरकार काफी खोजबीन के बाद दूल्हा मिल गया। दूल्हा तो मिल गया लेकिन दूल्हे को दुल्हन नहीं मिली। दूल्हे के व्यवहार से खफा होकर दुल्हन के परिजनों ने रिश्ते को नकार दिया है तथा इसी गांव में नए दूल्हे की तलाश करके उसके साथ अपनी लड़की का रिश्ता तय कर दिया। 

 

जानिए पूरा मामला
उपमंडल के पाजू कलां गांव में रामकरण के घर पर उसके बेटे सुनील की शादी का समारोह चल रहा था। रात को घर से दूल्हे सुनील की घुड़चढ़ी हो रही थी तथा घुड़चढ़ी के आगे-आगे डीजे बज रहा था। डीजे के आगे शादी में शरीक मेहमान और परिजन नाचकर खुशियां मना रहे थे। इसी दौरान गांव में हाल ही में हुई कोई जवान की मौत को लेकर किसी ने डीजे को बंद करवा दिया।

 

इस बात से दूल्हा सुनील नाराज हो गया। डीजे बंद होने के बाद घुड़चड़ी के बाद सभी घर पर आ गए। घर पर आने के बाद सभी खाना खाकर सो गए और रात को करीब 2 बजे दूल्हा सुनील घर से चला गया। 

 

सुबह सुनील की बारात जिला सोनीपत के गांव जाहरी ले जाने के लिए तैयारियां शुरू हो गई थी। सभी लोग बारात में जाने के लिए तैयार होने लगे। उस वक्त सुनील घर में कहीं पर भी दिखाई नहीं दिया। सुनील को घर व गांव में सारे संभावित स्थानों पर ढूंढ लिया लेकिन वह कहीं पर भी नहीं मिला। अपने रिश्तेदारों की इज्जत के लिए परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद मंगलवार दोपहर बाद कुरूक्षेत्र में ढूंढ लिया और युवक के कई दोस्त और उसका ताऊ उसे लेकर गांव वापिस लेकर आए। 

 

 

दूसरे युवक को बनाया दामाद

 

सोनीपत जिले के जाहरी गांव जाने वाली बारात न पहुंचने पर लड़की के परिजनों ने  

सुनील के परिवार से बातचीत की। बातचीत के दौरान सारा मामला खुला तो वे भौचक्के रह गए तथा लड़की के परिजनों में रोष बढ़ गया। काफी बातचीत के बाद लड़की के परिजनों ने फैसला लिया कि वे अपनी बेटी की शादी इस लड़के के साथ नही करेंगे। 

 

लड़की वालों को मनाने के लिए ग्रामीणों व लड़के के परिजनों ने उनकी काफी मिन्नतें की लेकिन परिजनों ने टका सा जवाब देते हुए कहा कि वे किसी भी सूरत में इस लड़के को अपनी लड़की नहीं देंगे। उसके बाद परिजनों ने फैसला लिया कि वे अपनी लड़की की शादी आज ही करेंगे। इस फैसले के बाद परिजनों ने अपनी लड़की के लिए युवक की तलाश शुरू कर दी, जिसके बाद परिजनों को इसी गांव का मनदीप नामक युवक पसंद आ गया और उन्होंने अपनी लड़की का रिश्ता उसके साथ तय कर दिया। उन्होंने नव पसंद आए युवक के परिजनों से आग्रह किया कि वे अभी बारात लेकर उनके गांव में पहुंचे ताकि वे लड़की की विदाई कर सकें।