दुष्कर्म मामले में गवाही तोड़ने के लिए युवती से फिर किया रेप

7/26/2016 2:05:35 PM

जींद: दुष्कर्म की शिकार किशोरी की बात पर भरोसा किया जाए तो उसके साथ जो कुछ हुआ, वह किसी पत्थर दिल को भी मोम की तरह पिघला देने के लिए काफी है। पहले उसके साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के इस मामले में वह युवक के खिलाफ गवाही नहीं दे, इसके लिए उसके साथ फिर गैंगरेप हुआ। 

 

गोहाना रोड की एक किशोरी ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पहले उसके साथ मोहल्ले के ही एक युवक ने दुष्कर्म किया था। इसका मामला अदालत में विचाराधीन है। इस मामले में उसकी 23 जुलाई को अदालत में गवाही थी। 22 जुलाई की रात को उसके मकान के पिछवाड़े से भारत नगर निवासी सोनू, संदीप ने उसका अपहरण कर लिया और पानी ले जाने वाले कैंटर में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। 

 

किशोरी ने आरोप लगाया कि भारत नगर निवासी सोनू, संदीप, बिजेंद्र की पत्नी प्रेमो, नवीन तथा प्रवीन ने गवाही देने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी और अपहरण तथा बंधक बनाने में आरोपियों का सहयोग किया।