इन 6 लड़कियों ने अपनी प्रतिभा से हर किसी को किया चकित, पढ़ें पूरी खबर

9/10/2016 5:08:20 PM

जींद: हरियाणा में जींद के उझाना गांव की 6 लड़कियों ने अपनी प्रतिभा से हर किसी को चकित कर दिया है। दरअसल इन लड़कियों में ये हुनर है कि वे एक ही समय में अपने एक हाथ से हिंदी और दूसरे से अंग्रेजी भाषा लिख सकती हैं।। हैरानी की बात तो यह है कि दोनों हाथों की लिखावट बिल्कुल एक जैसी होती है। इन लड़कियों की लिखावट इतनी सुंदर है कि देखने वाले भी पहचान नहीं पाते कि दाएं हाथ से लिखा है या बाएं से। 

जानकारी के अनुसार सभी लड़कियां गांव के ही स्वामी विवेकानंद स्कूल में 9वीं क्लास की स्टूडेंट हैं। इनके नाम पूजा, प्रिया, तमन्ना, मोनिका, ईशा और मन्नू हैं। उनका कहना है कि करीब छह महीने पहले टीचर कुलदीप सिंह क्लास में साइंस पढ़ा रहे थे। इसी दौरान रिलेटिविटी के सिद्धांत टॉपिक पर अलबर्ट आइंस्टीन का जिक्र आया। टीचर ने आइंस्टीन के बारे में बताया कि वे दोनों हाथों से लिखते थे। ऐसा उन्होंने रोजाना की प्रैक्टिस से ही हासिल किया था। इस पर हमें काफी ताज्जुब हुआ।

उसी दिन हम लोगों ने ठान लिया कि वे भी हर रोज दोनों हाथों से लिखने की प्रैक्टिस करेंगी और ऐसा करके ही दम लेंगी। इसके बाद उन्होंने स्कूल में ही खाली रहने वाले एक पीरियड में रोजाना लिखने की प्रैक्टिस शुरू कर दी। धीरे-धीरे दोनों हाथों से एक साथ लिखने से उनकी स्पीड बनने लगी। 

वहीं टीचर कुलदीप सिंह बताते हैं कि सभी 6 लड़कियां गांव के किसान परिवारों से ताल्लुक रखती हैं। वे पढ़ाई में भी काफी होशियार हैं। मैं जब कॉलेज स्टूडेंट था, तब मैंने भी दोनों हाथों से लिखने का प्रयास किया था। लेकिन ज्यादा सफल नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि मैंने इन लड़कियों को प्रेरित किया तो उन्होंने प्रैक्टिस करना शुरू कर दी। अब वे काफी अच्छे तरीके से दोनों हाथों से लिखती हैं।