72 घंटे बाद भी नहीं हुई मृतक की शिनाख्त

1/12/2019 1:40:02 PM

जींद(प्रदीप): रेलवे बारात घर के पास मिले शव की 72 घंटे बाद भी पहचान नहीं हो पाई। 3 दिन बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं होने के चलते शुक्रवार को नगर परिषद के सहयोग से मृतक को लावारिस घोषित कर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। अभी तक पुलिस यह भी पता नहीं लगा पाई कि मृतक की हत्या की गई है या किसी दूसरे कारणों से उसकी मौत हुई है। हालांकि जिला पुलिस ने आसपास थाना क्षेत्रों को मृतक के हुलिए के बारे में अवगत करवाया हुआ है। इसके बावजूद मृतक की शिनाख्त संभव नहीं हो पाई है।

गौरतलब है कि जींद में रेलवे बारात घर के पास 8 जनवरी अल सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। उसके माथे पर चोट के निशान थे। इसके साथ ही उसे घसीटे जाने के भी मौके पर दिखाई दे रहे थे। मृतक की पहचान नहीं हो पाने के कारण उसके शव को जींद के सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया था। 3 दिन बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं होने पर शुक्रवार को उसका अंतिम संस्कार करवा दिया गया।

पुलिस ने पहचान के तौर पर मृतक के कपड़ों तथा फोटो को अपने पास रख लिया। शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मृतक की शिनाख्त संभव नहीं हो पाई है। निर्धारित समयाविधि बीत जाने के बाद शुक्रवार को मृतक के शव का अंतिम संस्कार करवा दिया गया। आसपास थाना इलाकों को मृतक के बारे में जानकारी भेजी गई है। फिलहाल पुलिस अपने स्तर पर गुत्थी को सुलझाने का प्रयास कर रही है।

Deepak Paul