डिजीटल हुआ जींद का बस अड्डा

11/3/2017 12:23:08 PM

जींद(सुशील कुमार):जींद के सामान्य बस अड्डे से आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर यह है कि बस अड्डे पर अब यात्रियों को बसों की जानकारी के लिए न तो पूछताछ केंद्र पर जाना होगा और न ही समय-सारिणी देखने की जरूरत पड़ेगी। सभी बसों के रूटों की जानकारी अब बस अड्डे पर लगी 4 एल.सी.डी. स्क्रीन पर दिखाई देंगी। शहर के सामान्य बस अड्डे पर अब तक किसी भी बस के बारे में पूछने के लिए या तो सालों पुरानी लगी समय-सारिणी को देखना पड़ता था या फिर पूछताछ पर जाकर बसों के बारे में जानकारी हासिल करनी पड़ती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब किसी भी यात्री को अगर किसी बस की जानकारी लेनी है तो यह एल.सी.डी. स्क्रीन सुबह से शाम तक दिन भर चलने वाली बसों के बारे में जानकारी ले सकता है। 

बसों की समय सारिणी को यह एल.सी.डी. स्क्रीन बार-बार प्रदर्शित करती रहती है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस एल.सी.डी. का जींद बस अड्डे पर किसी प्रकार का नियंत्रण नहीं है। एल.सी.डी. का सीधा संचालन चंडीगढ़ मुख्यालय से होता है। अगर इसमें बसों के समय में किसी प्रकार का बदलाव करना है तो उसके लिए भी चंडीगढ़ मुख्यालय में संपर्क करना होगा। यह एल.सी.डी. मुख्यालय से ट्रायल के रूप में लगाई गई हैं। विभाग देखेगा कि यह यात्रियों की सुविधा के लिए कितनी ज्यादा कारगार साबित होती है। अगर यह एल.सी.डी. ज्यादा कारगर साबित हुई तो इनकी संख्या को और अधिक बढ़ाया जाएगा।  


चंडीगढ मुख्यालय से है कनैक्ट
बस अड्डा बिल्डिंग इंचार्ज अशोक कुमार ने बताया कि बस अड्डे पर 4 एल.सी.डी. लगाई गई हैं। इनका जींद बस अड्डे से किसी प्रकार का कोई संबंध नहीं है। इनका संचालन और सभी प्रकार की सूचनाएं चंडीगढ़ से ही इनमें डाली जाती हैं। अब किसी बस का समय जानने के लिए यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना किए बिना इन पर आसानी से बसों के रूट के बारे में देखा जा सकेगा।