राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से कम नहीं छोटूराम का कद : बीरेन्द्र

11/23/2015 11:36:44 AM

जींद: केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा है कि देश में सर छोटूराम का कद महात्मा गांधी से कम नहीं है। सिंह ने कहा कि सर छोटूराम ने पद की लालसा छोड़कर हमेशा गरीबों और किसानों के हक में लड़ाई लड़ी तथा सूदखोरों तथा भ्रष्टाचारियों को कभी आश्रय नहीं दिया। जैसे महात्मा गांधी ने बिना खून बहाए देश को आजादी दिलाई उसी तरह छोटूराम ने किसान मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ी। उनके जज्बे तथा चरण सिंंह और देवीलाल जैसे नेताओं के मार्गदर्शन ने किसानों-मजदूरों को जीने का हौसला दिया।

उन्होंने बताया कि आज पाकिस्तान में भी सर छोटूराम का नाम सम्मान के साथ लिया जाता है। देश के नायकों के रूप में छोटूराम का कद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से कम नहीं आंका गया। सिंह यहां हाउसिंग बोर्ड स्थित जाट धर्मशाला की ओर से आयोजित छोटूराम जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सर छोटूराम की याद को ताजा रखने के लिए उनके जन्म स्थान गढ़ी सापला में 64 फुट ऊंची मूर्ति की आधारशिला रखी जाएगी। दो करोड़ रुपए से बनने वाली मूर्ति में साढ़े पांच हजार किलोग्राम लोहे का इस्तेमाल होगा साथ ही इसके अभिषेक में नौ नदियों का जल प्रयोग किया जाएगा जिनमें मुख्यरूप से पंजाब की पांच (वर्तमान में दो पाकिस्तान) हरियाणा की दो नदियों के अलावा गंगा, जमुना, सरस्वती, घग्घर और सतलुज हैं।