जिले में डेंगू से एक की मौत

11/22/2018 10:48:49 AM

जींद(पंकेस): जींद की अजमेर बस्ती में डेंगू से भाजपा के जिला उपाध्यक्ष और हरियाणा गौ सेवा आयोग के सदस्य डा. राज सैनी के भतीजे की दिल्ली के अपोलो अस्पताल में मौत हो गई। मृतक रोहतक में जन-स्वास्थ्य विभाग में ट्यूबवैल आपे्रटर के पद पर तैनात था। स्वास्थ्य विभाग ने मामला नोटिस में आते ही तमाम जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। मृतक राजेश के चाचा भाजपा के जिला उपाध्यक्ष और हरियाणा गौ सेवा आयोग के सदस्य डा. राज सैनी ने बताया कि राजेश को कई दिन से बुखार आ रहा था। पहले उसे जींद के बालाजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। यहां पर उसकी तबीयत में सुधार नहीं होने पर राजेश को दिल्ली के महाराजा अग्रसैन अस्पताल में दाखिल करवाया गया लेकिन यहां भी उसे कोई आराम नहीं हुआ। इसके बाद उसे दिल्ली के अपोलो अस्पताल में दाखिल करवाया गया। 

डा. राज सैनी ने बताया कि राजेश का पिछले 16 दिन से अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा था। राजेश को डेंगू था और उसकी प्लेटलैट्स की संख्या 8 हजार रह गई थी। डेंगू के चलते बुधवार को राजेश की मौत हुई है। इस मामले में सिविल सर्जन डा. संजय दहिया ने कहा कि विभाग की टीम राजेश की मौत के कारणों का पता लगा रही है। राजेश की बीमारी और इसके इलाज की सारी जानकारी जुटाई जा रही है। उसके बाद ही यह साफ हो पाएगा कि राजेश की मौत डेंगू से हुई है या अन्य कारणों से। 

Deepak Paul