कांग्रेस को लेकर असमंजस में हैं लोग:जयहिंद

9/24/2017 4:02:08 PM

जींद:कांग्रेस पार्टी नहीं, पगड़ी गैंग है। कांग्रेस को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कार्यकर्ताओं को खुद ही समझ नहीं आ रहा कि किसकी पगड़ी के नीचे काम किया जाए। इसमें एक तरह की पोस्टर प्रतियोगिता भी चल रही है। जिस नेता का पलड़ा भारी होता है, कार्यकर्ता उसी का फोटो उठा लेते हैं। यह बात आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने जींद में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। 

उन्होंने इनैलो पर निशाना साधते हुए कहा कि इनैलो का कोई वजूद नहीं रहा। आज इनैलो का यह भी पता नहीं है कि नेता जेल वाले हैं या फिर बाहर वाले। दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह को उन्होंने जींद का दुर्भाग्य बताते हुए कहा कि जिस जिले ने देश को इतने बड़े स्तर का मंत्री दिया हो और वह जिला खुद के विकास के लिए तरस रहा हो, इससे ज्यादा जिले के लिए दुर्भाग्यपुर्ण कुछ नहीं हो सकता। भाजपा सरकार ने 3 साल में 3 बड़े नरसंहार करवाए हैं। इससे लोगों को भाजपा राज की असलियत पता चल चुकी है। भाजपा लोगों को जाति के नाम पर भड़काने के अतिरिक्त और दूसरा कोई काम नहीं करती। उन्होंने लगातार बढ़ रहे पैट्रोल और डीजल के दामों के खिलाफ प्रदेश में विरोध प्रदर्शन करने ऐलान किया। 

16 हजार बूथों पर एकजुट होंगे कार्यकर्ता
नवीन जयहिंद ने कहा कि प्रदेश के सभी 16 हजार बूथों पर आप पार्टी संगठन को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए आम आदमी पार्टी ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने दिल्ली के बाद अब हरियाणा में आम आदमी की सरकार बनाने का दावा किया।