प्रदेश सरकार खाओ पियो, ऐश करो मित्रों मोड़ में : तंवर

12/18/2017 12:14:48 PM

जींद(ब्यूरो):कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने प्रदेश की भाजपा सरकार खाओ-पियो ऐश करो मित्रों मोड़ में आ गई है, क्योंकि भाजपा को अब अहसास हो गया है कि अब वह सत्ता में दोबारा से नहीं आएगी। हरियाणा का पैसा देश-विदेश में घूमने पर खर्च किया जा रहा है। रविवार को लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने सरकार के चिंतन शिविर पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि चंडीगढ़ से दूर इस चिंतन शिविर में करोड़ों रुपए खर्च करने का कोई औचित्य नहीं था

इस चिंतन शिविर में सरकार 2030 में हरियाणा की तस्वीर कैसे होगी चर्चा कर रही है। सरकार पहले यह बताए कि वह 2019 में प्रदेश को किस हालत में छोड़ेगी। प्रदेश के लोगों ने तो इस सरकार के 3 साल के कार्यकाल में केवल हिंसा ही देखी है। सरकार से हर वर्ग परेशान है। खुद भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता ही सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। सरकार खुद अपनी ही पीठ थपथपा रही है। स्वच्छता अभियान का नारा देने वाली मनोहर सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में चारों तरफ गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा बेमानी साबित हो रहा है। इसका ताजा उदाहरण उकलाना का जघन्य कांड है। 

गुडग़ांव के रेयान स्कूल मामले में भी जिस प्रकार सरकार ने पुलिस पर दबाव देकर झूठा मामला दर्ज करवाया उससे साबित होता है कि प्रदेश में धक्काशाही की सरकार चल रही है। राहुल गांधी द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष की कमान संभालने को लेकर पूछे गए प्रश्र के जवाब में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले भी उनके नेता रहे हैं और अब तो वह पूरी कांग्रेस के नेता हो गए हैं। राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने से युवाओं में नए उत्साह का संचार हुआ है। उनके नेतृत्व में कांग्रेस 2019 में जोरदार वापसी करेगी। हिमाचल और गुजरात चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रदर्शन पहले से बेहतर होगा और गुजरात और हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनना तय है।