31 लाख की राशि हड़पने का आरोपी काबू, रिमांड

11/24/2017 3:32:17 PM

जींद(का.प्र.):शहर थाना पुलिस ने पी.जी.आई. रोहतक में नौकरी का झांसा देकर युवकों से लगभग साढ़े 31 लाख रुपए हड़पने के आरोपी को काबू कर अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को 3 दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया। गौरतलब है कि अनूपगढ़ गांव के शमशेर ने 17 अक्तूबर 2016 को शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि साल 2013 में उसका संपर्क पी.जी.आई. रोहतक में सेवारत महादेव सेवा संघ के उप-प्रधान रोहतक के सतीश के साथ हुआ था। बातचीत के दौरान सतीश ने उसे बताया था कि वह स्थायी तथा डेलीवेजिज पर युवकों को रोजगार दिलवाता है।स्थायी रोजगार पर 12,000 रुपए प्रतिमाह तनख्वाह तथा हर साल 5 से 10 प्रतिशत वेतन में वृद्धि की जाती है। बेशर्ते रोजगार की एवज में 2 लाख रुपए प्रति व्यक्ति के हिसाब से सिक्योरिटी जमा करवानी होगी।

सतीश के झांसे में आकर 29 अगस्त 2013 को शमशेर ने जांगड़ा धर्मशाला में अपने बेटे उत्तम, भांजे दिनेश समेत अन्य 7 रिश्तेदारों ने नियुक्ति के लिए 2-2 लाख रुपए प्रत्येक के हिसाब से दिए। सतीश ने मौके पर ही युवकों को ज्वाइङ्क्षनग लैटर दे दिया था। सतीश ने बाकायदा युवकों के अभिभावकों को 2 लाख रुपए सिक्योरिटी राशि की एवज में चैक तथा परनोट भी दिया गया था। सभी युवकों ने पी.जी.आई. में संस्था के अधीन 21 माह तक कार्य किया लेकिन युवकों को इस दौरान महज 3 महीने का ही वेतन मिला। जब उन्होंने बकाया वेतन तथा सिक्योरिटी राशि को वापस मांगा तो संस्था के उप-प्रधान ने सिक्योरिटी राशि तथा बकाया वेतन देने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। शहर थाना पुलिस ने शमशेर की शिकायत पर सतीश के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में ख्यानत सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सतीश को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने सतीश को 3 दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया।