चुनौती बड़ी तो सी.एम. ने शुरूआत भी उचाना कलां से ही की

3/18/2019 10:38:26 AM

जींद (जसमेर): 12 मई को हो रहे लोकसभा चुनावों में जिले में भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती हिसार संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाला उचाना कलां विधानसभा क्षेत्र है। सबसे बड़ी चुनौती को देखते हुए ही सी.एम. मनोहरलाल ने लोकसभा चुनावों को लेकर जनसम्पर्क यात्रा की शुरूआत उचाना कलां विधानसभा क्षेत्र से ही की है। रविवार को सी.एम. मनोहरलाल ने उचाना कलां विधानसभा क्षेत्र के डूमरखां कलां, पेगां, डाहौला और थुआ गांवों में जनसभाओं को सम्बोधित कर लोकसभा चुनावों में उचाना में इस बार भाजपा के लिए बाजी पलटने को लेकर गंभीरता दिखाई।

उचाना कलां विधानसभा क्षेत्र भाजपा के लिए बहुत बड़ी चुनौती जींद जिले में है। 2009 में हुए लोकसभा चुनावों में उचाना कलां विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी मुख्य मुकाबले से बहुत बाहर रहा था। लोकसभा चुनावों में भाजपा का किसी के साथ गठबंधन नहीं है। कुलदीप बिश्रोई अब कांग्रेस में हैं और संभावना यह है कि हिसार से कुलदीप बिश्रोई, उनकी पत्नी रेणुका बिश्रोई या उनके पुत्र भव्य बिश्रोई में से कोई एक कांग्रेस का प्रत्याशी हो सकता है।

ऐसे में अकेले भाजपा के लिए हिसार संसदीय चुनाव में उचाना कलां के सांसद दुष्यंत चौटाला के राजनीतिक किले को फतह करना कतई आसान नजर नहीं आ रहा। सी.एम. मनोहरलाल से लेकर केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह और उचाना से भाजपा विधायक प्रेमलता इस तथ्य को अच्छी तरह से जानते और समझते हैं कि उचाना कलां में दुष्यंत चौटाला और उनकी जजपा को रोकना कतई आसान नहीं होगा। इसी कारण खुद सी.एम. मनोहरलाल ने लोकसभा चुनावों की जींद जिले में तैयारी की शुरूआत के लिए उचाना कलां को चुना है।  
 

Deepak Paul