10 साल बाद सुलझी हत्या की गुत्थी, प्रेमिका के चक्कर में किया था शमशेर का मर्डर

3/14/2018 3:13:18 PM

जींद(ब्यूरो): जिले के संडील गांव के शमशेर के मर्डर की गुत्थी पूरे 10 साल बाद सुलझी है। शमशेर का मर्डर प्रेमिका के चक्कर में सुरजाखेड़ा गांव के वेदपाल ने साथियों के साथ मिलकर किया था। आरोपी वेदपाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उस पर देशद्रोह समेत माओवादी एक्ट आदि के तहत मामले दर्ज हैं। संडील गांव के शमशेर का शव साल 2008 में खेतों में मिला था। उसकी गोली मारकर हत्या कर शव खेतों में डाला था। इस मामले मेें अब आकर जींद के डिटैक्टिव स्टाफ को बड़ी सफलता सुरजाखेड़ा गांव के वेदपाल की गिरफ्तारी के साथ मिली है।

डिटेक्टिव स्टाफ के ए.एस.आई. रविंद्र के अनुसार सुरजाखेड़ा गांव के वेदपाल को नरवाना के भाणा ब्राह्मणा गांव से गिरफ्तार किया गया। उसे अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर पूछताछ के लिए लिया है। वेदपाल ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह साल 2003 में क्रांतिकारी व जागरूक छात्र मोर्चा के सम्पर्क में आया था। इस मोर्चा के साथ काफी सदस्य जुड़े हुए थे। इसका प्रधान हिसार जिले के कापड़ो गांव का राजेश था। उसी दौरान साल 2005 में जींद के घसो गांव में मोर्चा के बैनर तले एक रैली का आयोजन किया था। इस रैली में कुछ माओवादी किस्म के लोग आए हुए थे, जिनके साथ उसका सम्पर्क बना।

रैली के समय कैथल जिले के बालू गांव के संजीव उर्फ विकास और मोहन, जींद जिले के संडील गांव का राममेहर और अन्य कुछ लोगों से उसकी मुलाकात हुई थी।इस रैली में गांव के लोगों से झगड़ा व मारपीट हुई थी। इस घटनाक्रम के बाद उन्हें काफी डर रहने लगा था। डर के कारण मोर्चा के प्रधान राजेश ने जान का खतरा होते देख सभी को अवैध हथियार भी उपलब्ध करवाए थे। इसी दौरान संडील गांव के राममेहर व संजीव उर्फ विकास व बालू गांव के मोहन के पास आना-जाना शुरू हुआ। तभी राममेहर ने बताया कि वह एक लड़की से प्यार करता है और गांव का ही शमशेर सिंह इस बात का विरोध करता है। 

उसे रास्ते से हटाना होगा। राममेहर की बात पर राजेश, संजीव, मोहन और वेदपाल सहमत हो गए। सभी ने मिलकर 5 अगस्त 2008 को खेत में काम कर रहे शमशेर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस सिलसिले में राममेहर को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सोमवार को डिटेक्टिव स्टाफ टीम ने नरवाना के भाणा ब्राह्मणा गांव में एक प्राइवेट स्कूल में टीचर के तौर पर कार्यरत वेदपाल को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वेदपाल ने पूछताछ के दौरान इस पूरे मामले का खुलासा किया।

देशद्रोह व माओवाद एक्ट के मामले हैं दर्ज: एस.एस.पी.
एस.एस.पी. डा. अरुण सिंह के अनुसार संडील गांव के शमशेर के मर्डर के आरोप में गिरफ्तार किए गए सुरजाखेड़ा गांव के वेदपाल आदि पर जींद जिले में हत्या, हत्या का प्रयास, देशद्रोह, मारपीट, अार्म्स एक्ट और माओवादी एक्ट के तहत कुल मिलाकर 7 मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी जींद पुलिस की बड़ी कामयाबी है। अब उससे गहन पूछताछ कर उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।