सिविल अस्पताल में चोरी, कई विभागों को बनाया निशाना

12/5/2017 3:47:38 PM

जींद(का.प्र.):सिविल अस्पताल के टी.बी., नशामुक्ति केंद्र तथा जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा के ताले तोड़कर चोरों ने इन्वर्टर, सी.सी.टी.वी. कैमरा, बैटरी तथा एल.ई.डी. को चोरी कर लिया। घटना की सूचना पाकर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालातों का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार सिविल अस्पताल के टी.बी. तथा जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा में बीती रात चोर ताला तोड़कर अंदर घुस गए और वहां से 2 इन्वर्टर, 4 बैटरी तथा सी.सी. टी.वी. कैमरे को चोरी कर लिया। इसी प्रकार सिविल अस्पताल में चलाए जा रहे नशामुक्ति केंद्र का ताला तोड़कर वहां लगी एल.ई.डी. को चोरी कर लिया। घटना का सुबह उस समय पता चला, जब स्टाफ ड्यूटी पर पहुंचा। टीबी वार्ड की इंचार्ज डा. मंजूला तथा जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा के इंचार्ज डा. राजेश गांधी की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी। 

टोटियां चोरी करते युवक काबू
जींद के सिविल अस्पताल की नई बिल्डिंग से टोंटियां चोरी कर रहे एक युवक को सिक्योरटी गार्डों ने पकड़कर उसके कब्जे से लगभग आधा दर्जन टोटियां बरामद की हैं। बाद में पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

सी.सी.टी.वी. कैमरे में हुआ कैद, रखी निगाह तो पकड़ा गया
सिविल अस्पताल में प्लम्बर का कार्य करने वाले नवीन ने बताया कि पिछले कई दिनों से नई बिल्डिंग में टोंटियां चोरी हो रही थीं। चोरी की वारदात को उन्होंने सी.सी.टी.वी. फुटेज में चैक किया तो एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। सोमवार को वह युवक फिर से नई बिल्डिंग में दिखाई दिया। काफी समय तक युवक बाहर नहीं निकला तो संदेह हुआ। उन्होंने बाथरूम की जांच की तो युवक 8 टोटियां खोल चुका था। सिक्योरटी गार्डों के सहयोग से युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।