आत्महत्या के लिए मजबूर करने पर पत्नी गिरफ्तार

7/15/2018 1:17:32 PM

जींद (प्रदीप): अपने पति को आत्महत्या के लिए मजबूर करने की आरोपी पत्नी को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। झांझ कलां गांव के प्रेम ने 2 जुलाई को शिकायत में बताया था कि उसने अपने दोहते रोहतक के खिड़वाली गांव के दीपक को गोद लिया हुआ था। प्रेम ने बताया कि दीपक की शादी साल 2011 में करनाल की मंगल कालोनी के वेदप्रकाश की बेटी गीता के साथ हुई थी। वैवाहिक जीवन में गीता और दीपक से 4 बच्चे हुए। पति-पत्नी के बीच अनबन के चलते फिलहाल गीता अपने मायके करनाल गई हुई है। 20 जून को दीपक अपनी पत्नी तथा बच्चों को लेने के लिए करनाल गया हुआ था।

उस दौरान दीपक के ससुर, साले, साली और साढू ने उसके साथ मारपीट की। इसमें दीपक की पत्नी गीता ने भी उनका सहयोग किया। घर लौट कर दीपक ने ससुराल के लोगों द्वारा की गई मारपीट के बारे में बताया था। इसके बाद से दीपक परेशान रहता था। उसी परेशानी के चलते एक जुलाई की रात को दीपक ने फांसी का फंदा लगा आत्महत्या कर ली। सदर थाना पुलिस ने मृतक के नाना प्रेम की शिकायत पर मृतक की पत्नी गीता, ससुर वेदप्रकाश, साला बबलू, साली कमली तथा साढू छोटा के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया था। सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी गीता को गिरफ्तार कर लिया। 
 

Deepak Paul