सरल अंत्योदय व ई-दिशा केंद्रों में काम प्रभावित

6/20/2019 11:10:45 AM

जींद(ब्यूरो): बुधवार को कम्प्यूटर प्रोफैशनल्स के आधे दिन के अवकाश के कारण सरल अंत्योदय कें और ई-दिशा केंद्रों का काम पूरी तरह से प्रभावित हुआ। आधा दिन की हड़ताल पर जाने के कारण 450 सरकारी सेवाएं प्रभावित हुईं। बुधवार को लोग सेवाओं का लाभ लेने के लिए केंद्रों पर पहुंचे और उन्होंने टोकन भी लिए लेकिन अंदर सन्नाटा पसरा रहा। कम्प्यूटर प्रोफैशनल के सामूहिक रूप से आधे दिन के अवकाश के जाने के चलते लोगों को बिना काम करवाए वापस लौटना पड़ा।

तहसील कार्यालय में भी काफी लोग इंतकाल, जमीन से संबंधित रिपोर्ट और अन्य कामकाज के सिलसिले में पहुंचे थे लेकिन वहां पर कर्मचारियों की सीटें खाली पड़ी रहीं। प्रोफैशनल कम्प्यूटर संघ के आह्वान पर मांगों को लेकर बुधवार को की गई 2 घंटे की हड़ताल के चलते सरल केंद्र, ई-दिशा, अंत्योदय सरल केंद्र के साथ-साथ तहसील और उपतहसील की सेवाएं ठप्प रहीं। इसके चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कम्प्यूटर आप्रेटरों के हड़ताल पर चले जाने के कारण लोगों को बगैर काम करवाए वापस लौटना पड़ा। राज्य के वरिष्ठ उपप्रधान राजेश गौतम ने कहा कि 26 अप्रैल 2018 को भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व सरकार और राज्य कमेटी के बीच संघ की जायज मांगों को लेकर समझौता हुआ था। इनमें सरकार द्वारा 4 मांगें मानी गई थीं।

हड़ताल के कारण नहीं बन पाया इन्कम सर्टीफिकेट : पवन
"वह बहन का इन्कम सर्टीफिकेट बनवाने के लिए सरल केंद्र पर पहुंचा था। यहां आने के बाद पता चला कि यहां काम करने वाले आप्रेटर हड़ताल पर हैं। इसके चलते उसका कार्य नहीं हो सका। ऐसे में उनको काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आज अगर काम नहीं हुआ तो उनको दोबारा फिर से यहां आना पड़ेगा इससे उनके समय और धन दोनों की बर्बादी होगी"। -पवन, राजपुरा भैण, निवासी।
 

हैवी लाइसैंस की एन.ओ.सी. लेने के लिए एक घंटे तक किया इंतजार : सुशील
"वह सरल केंद्र में हैवी लाइसैंस के लिए एन.ओ.सी. लेने के लिए आया था। इसको लेने के लिए वह सुबह 10 बजे ही आ गया था। यहां एक घंटे से ज्यादा इंतजार करने के बाद पता चला कि जिन कर्मचारियों को यह काम करना है वे आज हड़ताल पर हैं। अगर उनको हैवी लाइसैंस की एन.ओ.सी. आज नहीं मिली तो काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। सुबह टोकन भी जारी हो चुका था"। -सुशील शर्मा, अलेवा, निवासी।  

Pooja Saini