ससुर की प्रताड़ना से तंग युवक ने SP अॉफिस के वेटिंग रूम में निगला जहर

8/18/2017 3:32:15 PM

जींद:जींद के एस.पी. कार्यालय के वेटिंग रूम में भंभेवा गांव के व्यक्ति ने जहर निगल लिया। इसका पता उस समय चला, जब वह वेटिंग रूम में बैठे अचानक बेसुध होकर लुढ़क गया। इससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। बेसुध व्यक्ति को तुरंत जींद के सिविल अस्पताल लाया गया। उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे पी.जी.आई. रोहतक रैफर किया गया।जानकारी के मुताबिक मूल रूप से जींद के भंभेवा गांव का और हाल आबाद गोहाना निवासी 45 वर्षीय संतराम गत दोपहर को फरियाद लेकर एस.पी. कार्यालय के बाहर वेटिंग रूम में बैठा हुआ था। कुछ समय के बाद वहीं पर बैंच से नीचे लुढ़क गया। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने संतराम को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देख पी.जी.आई. रोहतक रैफर कर दिया। अर्ध बेहोशी की हालत में संतराम ने अपना नाम और पता बताया। साथ ही उसने बताया कि उसका ससुर जींद की शिवपुरी कालोनी का राजा उर्फ राजेंद्र उसे तंग कर रहा है। लगभग 2 माह पहले उसने पुलिस को शिकायत दी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ससुर राजा उर्फ राजेंद्र के खिलाफ कार्रवाई न होने पर तथा पुलिस कार्यशैली से खफा होकर जहर निगला है। 

बताया जाता है कि संतराम ने नोट भी छोड़ा है। इसमें संतराम ने अपने ससुर द्वारा मारपीट करने, नशे के इंजैक्शन देने तथा जिंदगी खराब करने के बारे में पूरा घटनाक्रम लिखा है लेकिन इस नोट के बारे में पुलिस कुछ भी कहने से बचती रही। जांच के दौरान यह जरूर सामने आया कि संतराम की शिकायत पर 7 जून को उसके ससुर राजा राम उर्फ  राजेंद्र के खिलाफ पुलिस ने मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला जरूर दर्ज किया हुआ है। वीरवार को वह दोबारा एस.पी. कार्यालय में फरियाद लेकर पहुंचा था। सिविल लाइन थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि जहर के प्रभाव में भंभेवा के संतराम को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। बाद में उसे पी.जी.आई. रोहतक रैफर कर दिया गया है। संतराम ने जहर कहां खाया और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसकी पुलिस जांच कर रही है।