युवक पर चाकुओं से किया हमला, 6 पर केस दर्ज

8/14/2018 11:28:20 AM

जींद (ललित): सफीदों रोड पर ब्राह्मण धर्मशाला के पास शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी के चलते युवक को चाकू घोंपने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक युवक को नामजद कर 5 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दरियावाला गांव के नवीन ने शिकायत में बताया कि वह दोस्त हकीकत नगर के आशीष के साथ ब्राह्मण धर्मशाला के सामने रैस्टोरैंट में गया था। उसी दौरान पोपल और उसके दोस्त वहां पर शराब पी रहे थे। उसी दौरान उनकी आशीष के साथ कहासुनी हो गई। जब वह आशीष के साथ घर वापस लौट रहे थे तो रैस्टोरैंट के बाहर निकलते ही पोपल और उसके दोस्तों ने आशीष पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। 

घटना को अंजाम देकर पोपल और उसके दोस्त वहां से फरार हो गए। घायल आशीष को सामान्य अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालात गंभीर देख पी.जी.आई. रोहतक रैफर कर दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने नवीन की शिकायत पर पोपल को नामजद कर 5 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी। सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी हरीकिशन ने बताया कि शराब पीने के दौरान कहासुनी हो गई थी। इस पर चाकू लगने से एक युवक घायल हो गया। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।  
 

Deepak Paul