हरियाणा वित्त विभाग को मिले 5 ‘स्कॉच आर्डर-ऑफ-मैरिट’ राष्ट्रीय पुरस्कार:कै. अभिमन्यु

9/13/2017 3:27:32 PM

चंडीगढ़:हरियाणा वित्त विभाग को प्रदेश में विभिन्न ई-शासन पहलों के क्रियान्वयन में देश की शीर्ष 200 स्मार्ट शासन परियोजनाओं में पात्रता श्रेणी में 5 ‘स्कॉच आर्डर-ऑफ-मैरिट’ राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। वित्त मंत्री कै. अभिमन्यु ने बताया कि राज्य ई-शासन की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है जिसे राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है। उन्होंने बताया कि एक पुरस्कार समेकित वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (आई.एफ.एम.एस.) में राजस्व तथा पूंजी के तौर पर बजट की रि-डिजाइनिंग के लिए भारत में शीर्ष 200 स्मार्ट शासन परियोजनाओं में पात्रता श्रेणी के तहत दिया गया है। इसके अलावा, 4 अन्य पुरस्कार राज्य खजाना एवं लेखा विभाग को इसी श्रेणी में ई-ग्रास-वर्चुअल पेमैंट एग्रीगेटर के लिए, ऑनलाइन ट्रेजरी इंफॉर्मेशन सिस्टम (ओ.टी.आई.एस.) के लिए, ई-स्टाम्पिंग के लिए और समेकित वित्त प्रबंधन तथा मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली के लिए दिए गए हैं।

ये पुरस्कार नई दिल्ली में खजाना एवं लेखा विभाग तथा राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के अधिकारियों द्वारा प्राप्त किए गए। पुरस्कार प्राप्त करने वालों में संयुक्त निदेशक ओ.पी. बिश्नोई, उपनिदेशक एम.के. गुप्ता, प्रोग्रामर सुनील कुमार, आशीष ढींगरा व जे.एल. मेहंदीरत्ता शामिल हैं।