सर्राफ और ठेकेदार पर बंटी भाजपा

7/26/2016 1:41:48 PM

चंडीगढ़ (अविनाश पांडेय): खट्टर मंत्रिमंडल से हटाए गए 2 मंत्रियों घनश्याम सर्राफ और विक्रम ठेकेदार के मामले में अब सत्ताधारी भाजपा भी बंटी हुई नजर आ रही है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने जहां गत दिनों मंत्रियों के हटाने की वजह नॉन परफार्मेंस होना बताया तो वहीं पार्टी के प्रदेश प्रभारी डा. अनिल जैन ने इनका बचाव किया है। जैन ने दोनों मंत्रियों को हटाने के पीछे नॉन परफॉर्मेंस मामले को खारिज किया। उधर, फील्ड में दोनों ही विधायकों का विरोध हो रहा है। 

 

हालात यह है कि मंत्रिमंडल से बाहर किए जाने के बाद दोनों विधायक खुलकर न तो किसी कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं और न ही राजधानी चंडीगढ़ में सक्रिय हैं। गौरतलब है कि हरियाणा सरकार ने हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान भिवानी जिले से संबंधित विधायक घनश्याम सर्राफ तथा रेवाड़ी से संबंधित विक्रम सिंह ठेकेदार को मंत्रिमंडल से बाहर किया है। दोनों मंत्रियों पर कई तरह से सार्वजनिक तथा गुप्त आरोप थे, जिसके चलते यह कार्रवाई हुई है।