आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर परिजनों ने सड़क पर शव रखकर लगाया जाम

6/24/2019 11:27:43 AM

कैथल (सुखविंद्र): शनिवार सायं को गांव धौंस निवासी जरनैल सिंह (52) की गली विवाद में हत्या किए जाने के बाद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार सुबह करीब 11 बजे परिजनों ने शव हिसार-चंडीगढ़ मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। पहले परिजनों ने सिविल अस्पताल के बाहर करीब 10 मिनट जाम लगाया और उसके बाद परिजन एवं ग्रामीण डैड बॉडी को लेकर करनाल रोड बाईपास पर पहुंचे और यहां पर भी करीब 25 मिनट तक जाम लगाए रखा।

सूचना मिलते ही डी.एस.पी. कुलवंत, सिविल लाइन एस.एच.ओ. प्रहलाद राय, ट्रैफिक एस.एच.ओ. मुख्त्यार सिंह, सदर एस.एच.ओ. चंद्रभान मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। जाम के दौरान महिलाओं की संख्या भी पुरुषों के बराबर थीं। महिलाएं नम आंखों से बार-बार जरनैल सिंह की मौत का बदला लेने की बात करती रही। बाद में एस.पी. वसीम अकरम मौके पर पहुंचे और जाम लगा रहे परिजनों को मामले में अब तक की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ चेतावनी दी कि अगर आप जाम लगाकर आम लोगों को परेशान करोगे तो आपके खिलाफ भी एफ.आई.आर. दर्ज होगी।

वहीं एस.पी. ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सी.आई.ए. एवं सदर थाना पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश कर रही है। हमने कुछ लोगों को राऊंडअप किया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने एस.पी. के आश्वासन पर जाम खोल दिया।गौरतलब है कि गत दिवस गली विवाद में गांव धौंस निवासी जरनैल सिंह की कुछ लोगों ने लाठी-गंडासियों से हमलाकर घायल कर दिया था, जिसके अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी। 

10 नामजद सहित अन्य पर हत्या का मामला दर्ज
डी.एस.पी. कुलवंत सिंह ने बताया कि पुलिस ने जॉनी कुमार की शिकायत पर राममेहर उर्फ मिखल शाथिर, बलकार, जगतार, विक्रम, सुलतान, सन्नी, राज, अजय, राहुल निवासी धौंस व अजय पंडित निवासी गांव सांघन सहित अन्य लोगों पर धारा 148, 149, 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जल्द होंगे आरोपी गिरफ्तार : एस.पी.
एस.पी. वसीम अकरम ने बताया कि हत्या के आरोप में पुलिस ने 10 नामजद सहित अन्य आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सी.आई.ए. की दोनों टीमें लगी हुई हैं, हमने कुछ लोगों को राऊंडअप कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक गली विवाद में हुए झगड़े में आरोपी थी, जिसको लेकर एक फौजदारी का मामला भी चल रहा है।

Naveen Dalal