नरेंद्र मोदी की चंडीगढ़ रैली फ्लाप शो सिद्ध हुई

9/13/2015 12:45:26 AM

सीवन(चुटानी): पूर्व संसदीय सचिव हरियाणा सरकार व पूर्व विधायक हल्का गुहला दिल्लूराम बाजीगर ने कहा कि शुक्रवार को चंडीगढ़ में हुई नरेंद्र मोदी की रैली एक फ्लाप शो सिद्ध हुई है। हरियाणा व पंजाब में भाजपा की सरकार होते हुए भी इस रैली में काफी कम लोग ही गए। इससे यह अनुमान आसानी से लगाया जा सकता है कि भाजपा की लोकप्रियता मात्र 1 वर्ष के शासनकाल में ही काफी कम हो गई है। 

 
कुछ माह पहले ही प्रधानमंत्री की रैलियों में लाखों की संख्या में भीड़ जुटती थी जो कि चंडीगढ़ रैली में सिमटकर हजारों की संख्या तक पहुंच गई है। इससे साफ पता चलता है कि जनता भाजपा की असलियत जान गई है व इसके नेताओं के पास सिर्फ झूठी बयानबाजी के अलावा और कुछ भी नहीं है। चंडीगढ़ रैली में हरियाणा व पंजाब के किसानों को प्रधानमंत्री से काफी उम्मीदें थी पर प्रधानमंत्री किसानों के लिए कोई पैकेज या कोई और लाभकारी घोषणाएं नहीं कर गए। भाजपा कभी भी किसानों के हितोंं की बात ही नहीं करती है। भाजपा तो बड़े उद्योगपतियों की पार्टी बनकर रह गई है। 
 
एक पत्रकार वार्ता में दिल्लूराम ने कहा कि जनता को केंद्र व हरियाणा में फिर से कांगे्रस की याद आने लग गई है। जनता भाजपा को वोट देकर पछता रही है। हरियाणा में मुख्यमंत्री चाहे भ्रष्टाचार को समाप्त करने का दम भरते नहीं थकते पर असलियत इसके विपरीत है। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व ब्लाक अध्यक्ष अर्जुन देव रहेजा, पूर्व चेयरमैन राजकुमार वधवा, विजय सरदाना, बलदेव सिंह बल्ली सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकत्र्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।