हरियाणा में सपने बेचने के लिए केजरीवाल लगा रहे चक्कर : जैन

12/17/2018 9:50:35 AM

चंडीगढ़(बंसल): मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा है कि साफ छवि का चोला ओढऩे वाले आम आदमी पार्टी के दिल्ली में 67 विधायकों में से 23 के खिलाफ अदालत में मामले चल रहे हैं, जो सत्ता में आने के बाद के हैं। जनता उनके झूठे बहकावे में नहीं आएगी।

जैन ने कहा कि दिल्ली की जनता अपने मुख्यमंत्री केजरीवाल को ढूंढ रही है, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान कर सकें लेकिन दुर्भाग्य से केजरीवाल अभी हरियाणा में सपने बेचने में व्यस्त हैं। 'आप' ने दिल्ली के लोगों को राजनीति में बदलाव और साफ छवि की राजनीति के सपने बेचे और जब सत्ता मिल गई तो मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री से विधायक जनता और अधिकारियों से दो-दो हाथ करते नजर आए। 

उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बदलाव लाने में असफल रही है। घोषणा के अनुसार न तो मोहल्ला क्लीनिक खुले और न ही तीमारदारों को इलाज मिला। अस्पतालों में 10 हजार बैड की क्षमता दोगुना करने का दावा करने वाली आप सरकार में क्षमता 9500 रह गई। उन्होंने आप नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि जहां जनता ने उन्हें सेवा का मौका दिया है, पहले उनकी उम्मीदों पर खरा उतरे अन्यथा दिल्ली की जनता ढूंढने निकल पड़ेगी। 
 

Rakhi Yadav