बिजली न आने पर शहरवासियों ने नैशनल हाईवे पर किया जाम

10/14/2019 1:16:57 PM

कैथल (सुखविंद्र) : शहर में सिविल अस्पताल के पास स्थित जनकपुरी कालोनी में शनिवार रात 10 बजे से बिजली न आने से परेशान होकर शहरवासियों ने हिसार-चंडीगढ़ नैशनल हाईवे जाम कर दिया। इससे राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम लगा रहे लोगों ने बताया कि रात 10 बजे के बाद से बिजली नहीं आई। दिनभर वे इंतजार करते रहे लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पूरी रात बिजली नहीं आई। दिन में पानी खत्म हो गया लेकिन निगम के अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं।

मजबूरन लोगों को जाम लगाना पड़ा। निगम के एस.डी.ओ., एस.ई. के पर्सनल नम्बर तथा सरकारी नम्बर पर इस बारे में सूचना दी गई। इसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। जाम की सूचना मिलते ही गौरव ढुल, एस.डी.ओ. राहुल और सिविल लाइन एस.एच.ओ. रामकुमार मौके पर पहुंचे। लोगों को आश्वासन देकर करीब 2 घंटे तक लगे जाम को खुलवाया।

बिजली निगम के एस.डी.ओ. राहुल ने बताया कि ट्रकों की टक्कर के कारण खम्भे गिर गए थे। इन्हें ठीक करवाया जा रहा है। इसके बाद लोगों ने जाम खोला। कालोनी के लोगों ने बताया कि डी.सी. ने हैल्पलाइन नम्बर जारी किया हुआ है। उस पर भी शिकायत दे चुके हैं लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा।

Isha