अवैध सम्बंधों के चलते तांत्रिक ने व्यक्ति की हत्या कर शव दफनाया

7/14/2018 9:19:20 AM

कैथल(सुखविंद्र): सी.एम. के गोद लिए गांव क्योड़क निवासी तांत्रिक ने एक व्यक्ति की हत्या कर उसका शव पेटी में बंद कर अपने ही घर में एक गड्ढा खोदकर उसमें दफना दिया। हत्या के करीब एक माह बाद आज गांव क्योड़क पहुंची पुलिस ने आरोपी तांत्रिक की निशानदेही पर जे.सी.बी. से करीब 15 फुट गड्ढा खोदकर शव बरामद कर लिया है। हिमाचल पुलिस शव व आरोपी तांत्रिक को अपने साथ सोलन (हिमाचल) ले गई है।

पेटी में बंद कर शव दफनाए जाने की सूचना पाकर सैंकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए थे। मौके पर सहायता के लिए सदर थाना एस.एच.ओ. ललित मोहन व क्योड़क चौकी कर्मचारी मौजूद रहे। कसौली (सोलन) थाना के ए.एस.आई. मदन मोहन ने बताया कि करीब एक माह पहले कसौली से ऋषिपाल (40) निवासी सहारनपुर गायब हुआ था। वह कसोली स्थित एक खादी की फैक्टरी में काम करता था। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। 

इसके बाद पता चला कि ऋषिपाल अक्सर कसौली में ही तांत्रिक का काम करने वाले अजय निवासी गांव क्योड़क (कैथल) के पास जाता था। कुछ दिन से अजय भी गायब था। पुलिस ने आरोपी तांत्रिक अजय को गिरफ्तार किया तो उसने सारा सच उगल दिया। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी के तांत्रिक अजय कुमार के साथ अवैध सम्बंध थे। मृतक की पत्नी गांव क्योड़क की निवासी है।
 
 

Rakhi Yadav