पूंडरी: नाली में मिला नवजात का भ्रूण

7/9/2017 2:51:20 PM

पूंडरी (जोगिंदर कुंडू):पूंडरी के वार्ड नंबर 13 में नाली से एक भ्रूण मिला। कुछ बच्चे नाली में पड़े भ्रूण को कुछ अजीब सी चीज समझ टटोल कर देख रहे थे। कुछ ही देर में वार्ड के कुछ व्यक्तियों ने भ्रूण को देखा तो उन्होंने भ्रूण को नाली से बाहर निकाल लिया। भ्रूण को कोई नुक्सान न पहुंचे ये सोचकर कुछ कालोनी वासी उस भ्रूण को स्कूल के खेल मैदान में दबा आए। मामले की सूचना पाकर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और भ्रूण को जमीन से बाहर निकलवाया।

जांच अधिकारी ए.एस.आई. राजकुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी। जिस पर मौका मुआयना किया गया है। कृष्ण कुमार की शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ धारा 317 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और भ्रूण की फॉरैंसिक व अन्य जांच के लिए उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया है। उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य चिकित्सक डा.भटनागर ने कहा कि प्रथम दृष्टया भ्रूण करीब 3 महीने का लग रहा है। भ्रूण लड़का है या लड़की ये तो जांच के बाद ही पता चल पाएगा।