ट्रैफिक रूल्स तोडऩे वालों को दिए जाएंगे फूल

9/14/2019 1:39:53 PM

कैथल (सुखविंद्र): आमजन, चालकों तथा स्कूल-कालेज के छात्र-छात्राओं को मोटर वाहन अधिनियम में हुए संशोधित व बढ़े हुए जुर्माने बारे जागरूक करने के लिए कैथल पुलिस ने आज 3 दिवसीय जागरूकता अभियान की शुरूआत की। एस.पी. विरेंद्र विज ने पिहोवा चौक पर ट्रैफिक रूल्स तोडऩे वाले वाहन चालकों को नियम बताते हुए उनका पालन करने की अपील की।

एस.पी. ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य जुर्माना करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों की यात्रा सुरक्षित बनाना है। अगर वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। पुलिस ने नियम तोडऩे वालों को फूल देकर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिस 2 घंटे सुबह और 2 घंटे सायं को लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करेगी।

बीच में नियम तोडऩे वालों के चालान भी किए जाएंगे। एस.पी. ने बताया कि विशेष मुहिम चलाकर छात्र-छात्राओं, टैक्सी व ऑटो स्टैंड पर लोगों को यातायात नियमों की पालना करने के लिए जागरूक किया जाए। इस मौके पर ट्रैफिक डी.एस.पी. विरेंद्र सांगवान, महिला एस.एच.ओ. निर्मला, ट्रैफिक इंचार्ज सुभाष जांगड़ा सहित अन्य पुलिस कर्मचारी उपस्थित थे।

हरियाणा पुलिस संशोधित मोटर व्हीकल एक्ट 2019 के तहत सड़क सुरक्षा मानदंडों और उनके अनुपालन को बढ़ावा देने के लिए 3 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत एस.पी. विज, डी.एस.पी. मुख्यालय कुलवंत सिंह, डी.एस.पी. कृष्ण कुमार, डी.एस.पी. विनोद शंकर तथा जिले के सभी थाना प्रबंधकों ने विभिन्न स्थानों पर लोगों को जागरूक किया।

Isha