प्रदेश में 50,000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू: विर्क

7/25/2016 10:39:56 AM

कैथल: मुख्य संसदीय सचिव बख्शीश सिंह विर्क ने कहा है कि नए मंत्रिमंडल विस्तार से कोई विधायक नाराज नहीं है और न ही किसी मंत्री से कोई विभाग छीना है, बल्कि केवल उनका वर्कलोड कम करने के लिए उनसे कुछ विभाग लिए गए हैं, जिससे कि वे अपने-अपने विभागों में और अच्छी प्रकार से कार्य कर सकें। विर्क कैथल में डा. देवराज मिगलानी की पत्नी कृष्णा मिगलानी के निधन पर पहुंचे थे। बाद में लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विर्क ने कहा कि स्वयं मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रालयों में से कुछ अन्य विधायकों को विभाग देकर मंत्री बनाया है।

 

विर्क ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि 50 हजार नई नौकरियों पर प्रक्रिया शुरू हो गई है। बिजली निगम, मार्कीटिंग बोर्ड सहित कई विभागों में भर्तियां की जाएंगी। रोहतक में हुए रेप कांड पर विर्क ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कई विभागों में तो माली व पियन के लिए भर्तियां निकाल भी दी हैं। बाद में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों की बैठक भी ली। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुभाष हजवाना, संजय भारद्वाज, रामपाल राणा, राजरमन दीक्षित, प्रेम धीमान, काका सचदेवा, मारुति शर्मा उपस्थित थे।